‘अतिथि देवो भवः’ की भावना से श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत

– चारधाम यात्रा 2026: देहरादून प्रशासन ने शुरू की व्यापक तैयारियां

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा-2026 को सरल, सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में देहरादून जिला प्रशासन ने जोरदार तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में यात्रा से जुड़ी हर व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा महज प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति सेवा-भावना का अवसर है। ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा को जीवंत करते हुए देवभूमि उत्तराखंड का सकारात्मक आतिथ्य सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि धन की कमी किसी भी व्यवस्था में बाधा नहीं बनेगी। यदि किसी विभाग को अतिरिक्त बजट चाहिए, तो तुरंत प्रस्ताव दें—जिला प्रशासन गैप फंडिंग करेगा। सभी व्यवस्थाएं 15 अप्रैल तक पूर्ण करने के आदेश दिए गए हैं।
पंजीकरण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ऋषिकेश में 30 और विकासनगर में 20 काउंटर 24 घंटे संचालित होंगे। प्रशिक्षित ऑपरेटर, मोबाइल टीमें और ऑफलाइन विकल्प भी उपलब्ध रहेंगे। होल्डिंग एरिया में जर्मन हैंगर, शटल सेवा, भोजन (स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता), पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था होगी। प्रमुख स्थानों पर होटल-धर्मशालाओं के संपर्क नंबर, हेल्पलाइन और एलईडी स्क्रीन से सूचनाएं प्रदर्शित की जाएंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस रहेगा। विशेषज्ञ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस और टेस्टिंग किट तैनात रहेंगी। परिवहन विभाग वाहनों की फिटनेस जांच कर ग्रीन कार्ड जारी करेगा तथा पर्याप्त वाहन अधिग्रहण करेगा। सड़क सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल (वाटर एटीएम, टैंकर) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नोडल एवं सेक्टर अधिकारी तैनात कर यात्रा की नियमित निगरानी होगी। पुलिस, होमगार्ड और वॉलंटियर्स की पर्याप्त तैनाती से सुरक्षा मजबूत रहेगी। प्रशासन का संकल्प है—श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुखद और स्मरणीय यात्रा मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *