फुटबॉल टूर्नामेंट में 16 टीमें ले रही हैं भाग
देहरादून। देहरादून के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट “अमर शहीद खड़क बहादुर बिष्ट मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट” का 56वां संस्करण 21 फरवरी से शुरू हो रहा है। खड़क बहादुर टूर्नामेंट समिति द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता एक मार्च तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के मैदान पर नॉकआउट प्रारूप में खेली जाएगी।
समिति के संरक्षक अभिषेक शाही ने बताया कि टूर्नामेंट में 16 मजबूत टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें दून यूनाइटेड, दून वॉरियर्स, राजपुर एफसी, रायवाला एफसी, 12 गढ़वाल राइफल्स, 7 गढ़वाल राइफल्स, जीयू एफसी, हिमालयन एफसी, स्पोर्ट्स कॉलेज, 5 गढ़वाल राइफल्स, नवादा एफसी, बालाजी ब्वॉयज, रायपुर इलेवन, थंडर ब्वॉयज, प्रेरणा एफसी और सिटी यंग्स शामिल हैं। प्रतिदिन दो मैच निर्धारित हैं।
हर मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा। विजेता टीम को 31 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता को 21 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। यह टूर्नामेंट स्थानीय फुटबॉल को बढ़ावा देने के साथ सेना की इकाइयों और क्लब टीमों के बीच उत्साहपूर्ण मुकाबलों का मंच साबित होता है। फुटबॉल प्रेमी इस रोमांचक आयोजन का इंतजार कर रहे हैं।
