– पूर्वमध्यमा में रूद्रांश उनियाल (देहरादून)
व उत्तरमध्यमा में सक्षम प्रसाद (श्रीनगर) रहे टॉपर
देहरादून। उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड की पूर्वमध्यमा (हाईस्कूल) एवं उत्तरमध्यमा (इंटरमीडिएट) कक्षाओं के परीक्षा परिणाम शुक्रवार घोषित कर दिए गए। संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पश्चिम बंगाल से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर परिणाम जारी किए। उन्होंने सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी।
इस वर्ष कुल 1775 छात्र-छात्राओं ने संस्कृत बोर्ड की परीक्षाएं दीं, जिनमें पूर्वमध्यमा में 950 तथा उत्तरमध्यमा में 825 छात्र शामिल थे। मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि पूर्वमध्यमा का कुल पास प्रतिशत 92 प्रतिशत रहा, जबकि उत्तरमध्यमा में 88.48 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए। मंत्री ने परीक्षा परिणाम समय पर जारी करने के लिए विभागीय अधिकारियों और बोर्ड से जुड़े कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने उत्तीर्ण छात्रों के साथ फोन पर बातचीत कर शुभकामनाएं दीं और असफल छात्रों से निराश न होने तथा बेहतर तैयारी के साथ दोबारा परीक्षा देने की अपील की।
संस्कृत शिक्षा (प्रभारी) निदेशक कंचन देवराड़ी ने बताया कि परीक्षा का मूल्यांकन पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया गया। परिणाम विभागीय वेबसाइट तथा डीजी लॉकर पर अपलोड कर दिए गए हैं, जहां छात्र सुविधानुसार अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
श्रेष्ठता सूची में अव्वल रहे छात्र
पूर्वमध्यमा में श्री परशुराम चतुर्वेद विद्यालय, देहरादून के रूद्रांश उनियाल ने 88.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान पर प्रिंस पुण्डीर (87.4%) रहे, जबकि अनमोल और प्रकाश चन्द्र पाठक (86%) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्तरमध्यमा में सक्षम प्रसाद (श्रीनगर) ने 93.4 प्रतिशत अंक लाकर टॉप किया। अर्जुन कुमार (90.8%) दूसरे तथा अदिति जांगिड़ (88.6%) तीसरे स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर सचिव दीपक गैरोला, पद्माकर मिश्र, मंजू भारती सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
