एक और नशा तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे

देहरादून। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्लेमेंटाउन थाना पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 168 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में थाना क्लेमेंटाउन पुलिस टीम ने 12 मार्च की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर झील तिराहे के पास से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से 168 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। बरामद कैप्सूल स्पास मेड (Acetaminophen, Tramadol HCI एवं Dicyclomine HCI) के बताए जा रहे हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान गुल्फाम अली उर्फ पीटर (48 वर्ष) पुत्र अमीर अहमद निवासी बड़ा भारुवाला, थाना क्लेमेंटाउन, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना क्लेमेंटाउन में मुकदमा अपराध संख्या 21/2026 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक गिरीश चन्द्र बडोनी, कांस्टेबल पवन कुमार और कांस्टेबल असजद अली की पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *