एनएसयूआई ने पुतला दहन कर उठाई उदय भानु चिब की रिहाई की मांग
देहरादून। दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान शर्टलेस विरोध प्रदर्शन के मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस (आईवाईसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के खिलाफ उत्तराखंड में भी आक्रोश फूट पड़ा। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी के नेतृत्व में देहरादून में कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया।
मंगलवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से एस्ले हॉल चौक तक मार्च निकाल कर केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन भी किया और उदय भानु चिब की तत्काल रिहाई की मांग की। विकास नेगी ने कहा,शहम गांधीवादी विचारधारा के अनुयायी हैं। महात्मा गांधी ने भी कई आंदोलनों में शर्टलेस होकर विरोध दर्ज कराया था, जो पूर्णतः सफल रहे। केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। यह तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि उदय भानु चिब को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज होगा।
दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को लगभग 20 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया और कोर्ट ने उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस उन्हें प्रदर्शन का ‘मास्टरमाइंड’ बता रही है। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र पर हमला करार दिया है।
इस दौरान सागर सेमवाल, हरजोत सिंह, सुधांशु अग्रवाल, पुनीत, हनी, अल्तमस, मंथन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। उत्तराखंड कांग्रेस ने कहा कि यह विरोध शांतिपूर्ण था और सरकार की कथित तानाशाही के खिलाफ है।
