एलपीजी कालाबाजारी पर जिला प्रशासन सख्त, छोटे वाहनों से डिलीवरी पर रोक

– 50 स्थानों पर चलाया गया छापेमारी अभियान

देहरादून। एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के सख्त निर्देशों के अनुपालन में प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है। उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य गैस अधिकारी अजय पाल सिंह और पूर्ति लिपिक होशियार सिंह की संयुक्त टीम ने रिंग रोड क्षेत्र सहित कई जगहों पर औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम को भारत गैस के कई डिलीवरी मैन मोटरसाइकिल पर गैस सिलेंडर पहुंचाते हुए मिले, जिनका तेल कंपनी या गैस एजेंसी के साथ कोई अनुबंध नहीं था। अरविंद गैस एजेंसी और आधुनिक गैस एजेंसी के गोदामों में भी मोटरसाइकिल और साइकिल जैसे छोटे वाहनों से गैस की आपूर्ति पाई गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर दोनों एजेंसियों को कड़े आदेश दिए गए कि अब गैस सिलेंडर की डिलीवरी केवल अनुबंधित लोडर वाहनों के माध्यम से ही की जाएगी। बिना अनुबंधित वाहन से डिलीवरी करते पाए जाने पर संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्रवार QRT टीमें सक्रिय
कालाबाजारी पर अंकुश लगाने और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिले में क्षेत्रवार क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित की गई हैं। ये टीमें गैस एजेंसियों और गोदामों का निरंतर निरीक्षण कर रही हैं।
आज जिले में कुल 19 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर कंट्रोल रूम स्तर पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

आपूर्ति के आंकड़े
घरेलू गैस सिलेंडर: लगभग 17,959 उपभोक्ताओं को सप्लाई
व्यवसायिक गैस सिलेंडर: 407 उपभोक्ताओं को सप्लाई
उपलब्ध स्टॉक: घरेलू 36,534, व्यवसायिक 1,671
प्रशासन व्यवसायिक एलपीजी का लोड लगातार बढ़ा रहा है।

छापेमारी में जब्ती
विकासनगर में 12 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए और 7 गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। राजीव नगर एवं रिस्पना पुल क्षेत्र में लगभग 38 दुकानों पर छापेमारी की गई। कुल मिलाकर जिले में आज 50 स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को गैस की आपूर्ति, सिलेंडर उपलब्धता या डिलीवरी में कोई समस्या हो तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *