एसएसपी के निर्देश पर देहरादून पुलिस का एक्शन

–  क्लेमेंटाउन में अवैध देसी तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार, फायरिंग का भी आरोप

देहरादून। देहरादून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशों पर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराधियों की धरपकड़ और अवैध हथियारों की बरामदगी तेज हो गई है। इसी क्रम में थाना क्लेमेंटाउन पुलिस ने एक बार फिर सफल कार्रवाई करते हुए अवैध देसी तमंचे के साथ एक अभियुक्त को दबोच लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 22 फरवरी की रात को क्लेमेंटाउन क्षेत्र के पिपलेश्वर मंदिर के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध हालत में घूम रहे एक युवक को रोका गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम आकाश निवासी नई बस्ती निकट दुर्गा मंदिर क्लेमेनटाउन बताया। संदेह होने पर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के खिलाफ थाना क्लेमेंटाउन में मुकदमा नंबर 17/26 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। जांच में पता चला कि आकाश का आपराधिक इतिहास काफी गंभीर है। वह पहले स्नैचिंग की घटना में जेल जा चुका है। इसके अलावा उसके खिलाफ मुकदमा नंबर 44/2025 धारा 304(2) और 317(2) बीएनएस (हत्या से संबंधित गंभीर अपराध) भी दर्ज है।
स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 फरवरी की रात कुमाई स्वीट शॉप वाली गली (सोसायटी एरिया) में छात्रों के बीच हुए विवाद में आकाश ने तमंचे से फायरिंग की थी। हालांकि, किसी पक्ष ने औपचारिक शिकायत नहीं दर्ज कराई। पुलिस का मानना है कि अवैध हथियार रखने वाले ऐसे तत्व क्षेत्र में अशांति फैला सकते हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप-निरीक्षक विकास शुक्ला (चौकी प्रभारी आशा रोड़ी), हेड कांस्टेबल धनवीर सिंह, कांस्टेबल गणेश नेगी और कांस्टेबल इदु खान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों पर लगाम कसने के लिए चेकिंग अभियान जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *