– एसएसपी ने पुलिस कर्मियों का बढ़ाया हौसला
देहरादून। रंगों और खुशियों के त्योहार होली पर दून पुलिस ने अपनी अनोखी मिसाल पेश की। देहरादून पुलिस कप्तान एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पुलिस परिवार के साथ रंगों का पर्व मनाया। पुलिस लाइन में आयोजित इस कार्यक्रम में एसएसपी ने सभी जवानों, महिला कर्मियों तथा उनके परिवारजनों को रंग लगाकर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसएसपी डोबाल ने कहा कि जब पूरा देश अपने परिवारों के साथ त्योहार मना रहा होता है, तब हमारी ड्यूटी होती है कि आम जनता सुरक्षित रहे। आप सतर्क तो आम जन सुरक्षित। उन्होंने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए बताया कि हम सभी एक परिवार हैं। त्योहारों के समय जब लोग घरों में खुशियां बांटते हैं, उसी दौरान पुलिस वाले 24 घंटे मुस्तैद रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखते हैं। इसलिए पुलिस परिवार को आपस में ही रंग लगाकर, गले मिलकर और शुभकामनाएं देकर पर्व मनाने का यह सुंदर अवसर निकाला गया।
कार्यक्रम में एसएसपी ने सभी जवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशी में भी हमारी जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। आम जनता की सुरक्षा ही हमारा सबसे बड़ा त्योहार है। पुलिस लाइन में रंगों की होली खेलते हुए बच्चे, महिलाएं और जवान सभी एक साथ झूम उठे। जगह-जगह गुलाल, अबीर और रंगों की होली छाई रही। इस खास पहल से पुलिस परिवार में आपसी भाईचारे और एकजुटता का संदेश भी मिला। एसएसपी डोभाल ने सभी से अपील की कि होली के दौरान शराब, पटाखे और गलत रंगों से बचें तथा त्योहार को सुरक्षित और मस्ती भरा बनाएं। दून पुलिस की इस पहल को स्थानीय नागरिकों ने भी सराहा।
