– 7वीं जूनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप के 80+ किग्रा वर्ग में जलवा दिखाने को तैयार
देहरादून। सोशल बलूनी बॉक्सिंग अकैडमी, देहरादून के प्रतिभाशाली मुक्केबाज प्रिंस चंद ने 80+ किग्रा भार वर्ग में उत्तराखंड राज्य की टीम में जगह बनाकर राज्य का गौरव बढ़ाया है। वे 4 से 11 अप्रैल 2026 तक महाराष्ट्र के नागपुर स्थित डिविजनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 7वीं जूनियर बालक/बालिका राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बॉक्सिंग कोच प्रदीप कुमार ऐरी ने बताया कि राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड की टीम का चयन रुद्रपुर (उधम सिंह नगर) में आयोजित राज्य स्तरीय ट्रायल्स के माध्यम से किया गया। इन ट्रायल्स में देहरादून जिले के प्रिंस चंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 80+ किग्रा वर्ग में अपना चयन सुनिश्चित किया। प्रिंस चंद सोशल बलूनी बॉक्सिंग अकैडमी में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर विपिन बलूनी ने प्रिंस चंद को सम्मानित किया और राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल, कोच प्रदीप कुमार ऐरी और स्कूल परिवार के अन्य सदस्यों ने खिलाड़ी को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सोशल बलूनी बॉक्सिंग अकैडमी देहरादून में युवा मुक्केबाजों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है और लगातार राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अच्छे परिणाम दे रही है। प्रिंस चंद की सफलता अकैडमी के प्रयासों का प्रमाण है। कोच प्रदीप कुमार ऐरी ने बताया कि प्रिंस चंद कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ नागपुर में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।
