एसबीपीएस में होगा अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच 

– सात मार्च को होगा 50 प्लस व 60 प्लस के मैच

देहरादून। शहर में पहली बार 50 प्लस और 60 प्लस आयु वर्ग का अंतरराष्ट्रीय मैत्री फुटबॉल मैच आयोजित किया जा रहा है। सात मार्च को यह ऐतिहासिक मुकाबला सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के मैदान में खेला जाएगा। आयोजन की जिम्मेदारी मास्टर्स स्पोर्ट्स फाउंडेशन सोसाइटी इंडिया ने संभाली है।

इस मैत्री मैच में इंडिया (यूके मास्टर्स) और नीदरलैंड की 50 प्लस एवं 60 प्लस टीमें आमने-सामने होंगी। स्कूल परिसर में आयोजित बैठक में फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं बलूनी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर विपिन बलूनी ने बताया कि मैच की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नीदरलैंड की 50 प्लस एवं 60 प्लस की दोनों टीमें इंडिया (दिल्ली) पहुंच चुकी है और छह मार्च को देहरादून उत्तराखंड पहुंचेगी एवं सात मार्च को अपना पहला मैच 50 प्लस एवं दूसरा में 60 प्लस सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल देहरादून में खेलेगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन देहरादून के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा और वरिष्ठ खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा।

महासचिव मोइन खान ने जानकारी दी कि नीदरलैंड की मास्टर्स फुटबॉल टीम से पिछले छह माह से लगातार संवाद चल रहा था। दोनों देशों के पदाधिकारियों की सहमति के बाद मैच की तिथि तय की गई। उन्होंने बताया कि नीदरलैंड की दोनों टीमें दिल्ली पहुंच चुकी हैं और 6 मार्च को देहरादून आएंगी। 7 मार्च को पहले 50 प्लस और उसके बाद 60 प्लस वर्ग का मुकाबला खेला जाएगा। मोइन खान ने यह भी बताया कि देहरादून में पहले मुकाबले के बाद दूसरा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच 14 मार्च  को उत्तर प्रदेश के मथुरा-आगरा स्थित बलूनी पब्लिक स्कूल में खेला जाएगा।

बैठक में फाउंडेशन के संरक्षक संतोष बडोनी सहित कई पदाधिकारी और स्कूल प्रशासन के सदस्य मौजूद रहे। आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *