ऑपरेशन प्रहार: 21 शराबी ड्राइवरों के वाहन सीज, लाखों का जुर्माना वसूला

 – तीन नशा तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्यभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत देहरादून पुलिस ने रात के अंधेरे में भी बिना रुके सघन छापेमारी की। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर एसपी सिटी तथा एसपी देहात (ऋषिकेश) के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने नगर व देहात क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर एक साथ प्रहार किया।
देर रात तक चली इस कार्रवाई में पुलिस ने 14 संदिग्धों को 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वाले 7 युवकों को 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। डोईवाला क्षेत्र में पुलिस ने तीन नशा तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा। इसमें सुनील साहनी (31 वर्ष, केशवपुरी बस्ती, डोईवाला) और अर्जुन (शेरगढ़ लालतप्पड़) के कब्जे से 52 टेट्रा पैक माल्टा देशी शराब बरामद हुई। रंजीत सिंह (खैरी प्रथम, डोईवाला) के पास से 310 ग्राम अवैध चरस जब्त किया गया।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा
पुलिस ने 21 ऐसे वाहन चालकों को गिरफ्तार किया जो शराब पीकर वाहन चला रहे थे। सभी के वाहनों को सीज कर लिया गया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन महंगा पड़ा।‌ पुलिस ने 109 वाहन चालकों के खिलाफ एमवी एक्ट में चालान कर 72,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। 163 वाहन चालकों के कोर्ट चालान किए गए, जिनमें 48 वाहन यातायात उल्लंघन और 4 ओवरलोडिंग के मामले में सीज किए गए।

देर रात घूमने वालों और पीजी-हॉस्टलों पर नजर
पुलिस टीमों ने देर रात घूम रहे 900 से अधिक लोगों से मौके पर पूछताछ की। इनमें से 99 लोगों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट चालान दर्ज कर 24,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पीजी, हॉस्टल और किरायेदारों की चेकिंग के दौरान 9 प्रतिष्ठान स्वामियों ने छात्रों/किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया था। उनके खिलाफ 83 पुलिस एक्ट चालान कर 90,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *