कला शब्दों की मोहताज नहीं

  • ग्राफिक एरा में जनजाति हस्तशिल्पकारों के उत्पादों की प्रदर्शनी

देहरादून। ग्राफिक एरा में देाभर से आए हैं जनजातीय कलाकारों और शिल्पकारों ने अपनी अनूठी कृतियों से भारत की विविधता और सांस्कृतिक विरासत की झलक को उकेरा। इस मौके पर उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि कलाकार की कला शब्दों की मोहताज नहीं होती। एक सच्चा कलाकार मिट्टी, धागे, धातु और रंगों के माध्यम से वह कह जाता है जिसे शब्द भी व्यक्त नहीं कर पाते।

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में क्राफ्टकथा चैप्टर-3 नाम से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि काबीना मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में प्रकृति, परंपरा, संस्कृति, जनजातीय जीवन और कला एक दूसरे में रचे—बसे हैं। कारीगर और शिल्पकार केवल रचनाकार नहीं बल्कि भारत की आत्मा के वाहक है, जो अपनी कृतियों के माध्यम से सांस्कृतिक पहचान और भावनाओं को पीढ़ी दर पीढ़ी संजोए हुए हैं। इस दौरान काबीना मंत्री रेखा आर्या ने क्राफ्टकथा में आयोजित क्राफ्ट झरोखा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी भारत की जनजातीय कलाओं और हस्तशिल्प परंपराओं का एक जीवंत संगम है जहां देश के विभिन्न कोनों से आए कारीगरों ने अपनी कला के माध्यम से संस्कृति, प्रकृति और जीवन के गहरे संबंध को साकार किया। प्रदर्शनी में गोंड पेंटिंग, ढोकरा मेटल क्राफ्ट, टोडा एंब्रायडरी, मोलेला टेराकोटा आर्ट, साबाई ग्रास वीविंग, लंबानी एंब्रयडरी और बोडो हैंडलूम जैसी लोक कलाओं को अद्भुता से प्रस्तुत किया गया। श्रीमती आर्या ने सभी राज्यों के जनजाति कलाकारों के हर स्टाल पर जाकर उनके उत्पादों और शिल्पों की जानकारी ली। कार्यक्रम में शिल्प संवाद पैनल डिस्कशन में कला, शिक्षा और नीति निर्माण से जुड़े विशेषज्ञों ने जनजातीय कलाओं के संरक्षण और उनके भविष्य पर विचार साझा किया। चर्चा में मुख्यमंत्री के अपर सचिव और उत्तराखंड के जनजातीय कल्याण निदेशक संजय सिंह टोलिया, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. अमित आर भट्ट, आईका की गवर्निंग बाडी की सदस्य डा. मधुरा दत्ता,  राजेश जैन, गुंजन जैन, राजेंद्र कुमार श्याम ने भाग लिया। क्राफ्टकथा का आयोजन ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के फैशन डिजाइन डिपार्टमेंट और आल इंडिया आर्टिशन एंड क्राफ्टवर्कर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डा. डीके जोशी, फैशन डिजाइन डिपार्टमेंट की हेड डा. ज्योति छाबड$ा, मीनू चोपड़ा, अमृत दास, श्रद्धा शुक्ला, अंशिता सिंह, विपुल तिवारी समेत अनेक लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डा. हिमानी बिंजोला ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *