– मुख्यमंत्री ने दिया व्यापक स्तर पर चेकिंग चलाने का निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। हाल में देहरादून में हुई घटना पर डीजीपी को अपराधिक प्रवृत्ति वाले तत्वों के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह और कुठालगेट चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सीएम धामी ने अधिकारियों को प्रदेश में तुरंत व्यापक चेकिंग अभियान शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रोड रेज, फायरिंग, देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों और हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर पूरी सख्ती बरती जाए। राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है। इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को मुस्तैदी के साथ कार्य करने तथा ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शे बिना कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए।
