– मंत्री रेखा आर्या ने की एलपीजी की मांग व आपूर्ति की समीक्षा
– अधिकारियों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश
देहरादून। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को सभी जनपदों में एलपीजी की मांग और आपूर्ति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूरे प्रदेश में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कोई किल्लत नहीं है। पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और रोजाना नियमित सप्लाई हो रही है।
मंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में कुल 35,55,559 घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं, जबकि कमर्शियल कनेक्शन 60,976 हैं। फिलहाल 80,861 घरेलू और 12,146 कमर्शियल सिलेंडर स्टॉक में मौजूद हैं।
रेखा आर्या ने चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी कृत्रिम कमी पैदा करने, कालाबाजारी या जमाखोरी करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ तुरंत FIR दर्ज की जाएगी। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी ही सुनिश्चित की जाए। एजेंसी या गोदाम से सीधे सिलेंडर देने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
अस्पतालों और स्कूल-कॉलेजों को कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई एसओपी के अनुसार बिना रुकावट जारी रहेगी। नए कमर्शियल कनेक्शन के आवेदनों पर 24 घंटे के अंदर कनेक्शन देने के निर्देश गैस कंपनियों को दिए गए हैं। मंत्री ने बताया कि अब तक प्रदेश में 173 छापेमारी की जा चुकी हैं और 15 FIR दर्ज हो चुकी हैं। सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ जिलों में बीपीसीएल की सप्लाई कम होने की शिकायत पर मंत्री ने कंपनी अधिकारियों से तुरंत सुधार करने को कहा। सरकार पीएनजी कनेक्शनों को बढ़ावा देने पर भी जोर दे रही है।
बैठक में खाद्य सचिव एल. फैनई, अपर आयुक्त जीएस पांगती और IOCL, BPCL, HPCL के अधिकारियों ने भाग लिया। सभी जनपदों के जिला पूर्ति अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
