गुरु ही जीवन के वास्तविक पथ प्रदर्शक: महंत देवेन्द्र दास महाराज

  • श्रीमहंत दास महाराज ने संगतों का दिए दर्शन
  • श्रीदरबार साहिब में गुरु पूर्णिमा पर विशेष पूजा अर्चना
  • गुरु की महिमा को आत्मसात कर संगतों ने श्रद्धा से शीश नवाया


देहरादून। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में गुरु पूर्णिमा का पर्व  श्रद्धाभाव एवं भक्तिपूर्वक मनाया गया। देश—विदेश से पहुंचीं संगतों एवं श्रद्धालुआें ने श्री गुरु राम राय महाराज के चरणों में आस्था निवेदित की और गुरु महिमा का भावपूर्ण स्मरण किया। श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने विशेष पूजा अर्चना की तथा संगतों को गुरु के उपदेशों का सार समझाया।


बृहस्पतिवार को देश—विदेश से आई संगतों ने श्री दरबार साहिब में अरदास की और श्री झण्डे जी पर माथा टेका। श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने श्री गुरु राम राय जी महाराज का विशेष रूप से सिमरन किया। श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने ब्रहमलीन गुरु श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास महाराज को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि गुरु ही जीवन के वास्तविक पथ प्रदर्शक होते हैं जो अज्ञानता के अंधकार को मिटाकर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने गुरु पूर्णिमा को आत्मचिंतन और गुरु की शिक्षाआें के स्मरण का पर्व बताते हुए कहा कि गुरु के उपदेश जीवन को आध्यात्मिक एवं नैतिक ऊंचाइयों तक ले जाते हैं। उन्होंने संगतों को दर्शन और आशीर्वाद दिया। इस दौरान दरबार साहिब परिसर में भक्ति और भव्यता का दिव्य संगम देखने को मिला। इस मौके पर विशेष लंगर प्रसाद की गई जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुआें ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *