चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या सीमित न करने के फैसले का स्वागत

– तीर्थ पुरोहित, होटल एवं ट्रैवल संगठनों ने सीएम का जताया आभार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चारधाम यात्रा में यात्रियों की संख्या सीमित न करने के निर्णय का चारधाम से जुड़े तीर्थ पुरोहितों, पुजारियों, होटल व्यवसायियों और ट्रैवल एजेंसियों ने स्वागत किया है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर धामी का आभार जताया और कपाट खुलने के अवसर पर उन्हें आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए चारधाम यात्रा को सुगम, सुलभ और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान रसोई गैस, डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं होगी। सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों या चारधाम से जुड़े किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
धामी ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा के दौरान सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी से सहयोग की अपील की। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के इस फैसले को प्रदेश की आस्था, अर्थव्यवस्था और पर्यटन गतिविधियों को सुदृढ़ करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। सदस्यों ने कहा कि इससे स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, परिवहन क्षेत्र और अन्य सेवाओं को व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने चारधाम यात्रा तथा शीतकालीन यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीकरण हमेशा खुला रखने का आग्रह भी किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान और मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट भी मौजूद थे।
प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखण्ड चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के अध्यक्ष पं. सुरेश सेमवाल, महासचिव बृजेश सती, ब्रह्मपाल तीर्थ पुरोहित पंचायत समिति के अध्यक्ष उमेश सती, यमुनोत्री धाम मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल, चारधाम होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता, यमुना घाटी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा, उत्तरकाशी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र मटूड़ा, केदार घाटी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र नौटियाल, बद्रीनाथ धाम होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेश ध्यानी समेत अनेक पदाधिकारी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *