- राज्यस्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक प्रदर्शनी का शुभारंभ
देहरादून। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के तत्वाधान में दो दिवसीय राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता शुरू हो गई। प्रतियोगिता में छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने अपने विचारों को मॉडल के रूप में प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बुधवार को ननूरखेड़ा स्थित एससीईआरटी में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के 13 जनपदों से चयनित 16 छात्र-छात्राओं ने अपने—अपने मॉडल प्रस्तुत किये। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डा. मुकुल कुमार सती, निदेशक (अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान) डा. वंदना गबर्याल, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा डा. अजय कुमार नौटियाल, अपर निदेशक एससीईआरटी डा. पद्मेंद्र सकलानी , सहायक निदेशक डा. केएन बिजल्वाण, राज्य समन्वयक डा. अवनीश उनियाल ने विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन किया। प्रतियोगिता में निलंाश बिष्ट (बागेश्वर) का स्मार्ट सूटकेस, शिवानी यादव (काशीपुर) की साइकिल ग्रास कटर, सुब्रत (देहरादून) का स्मार्ट हेलमेट व नंदनी यादव (हरिद्वार) का मोडिफाइड व्हीलचेयर चर्चा के विषय रहे। माडलों का मूल्यांकन राष्ट्रीय नव प्रवर्तन संस्थान की डा. दीप्ति, डा. पारस, डा. राकेश जुगराण (पूर्व प्राचार्य डायट देहरादून), डा. विकास नौटियाल (वैज्ञानिक यू—कास्ट), प्राचार्य सुनील जोशी व राजीव काला ने किया। प्रतियोगिता में 1 प्रतिशत का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। राज्य समन्वयक डा. अवनीश उनियाल ने बताया कि चयनित प्रतिभागियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को सात अगस्त को समापन समारोह में पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस मौके पर मीडिया प्रभारी सुरेंद्र कुमार सहगल, संजय मौर्य, पवन शर्मा, सुधीर कांति (जिला समन्वयक), सरदार दलजीत सिंह, पल्लवी नैन (उपनिदेशक), अजीत सिंह भंडारी (उपनिदेशक), आरती ममगाईं, भावना नैथानी सेमत जनपदों के जिला समन्वयक मौजूद थे।
