छात्रों ने रचनात्मक प्रस्तुतियों से जीता दिल

एडिफाई वर्ल्ड स्कूल में ‘कॉफी मॉर्निंग’ और ‘ग्रैंडपेरेंट्स डे’ का रंगारंग आयोजन

देहरादून। एडिफाई वर्ल्ड स्कूल ने मासिक गतिविधियों के तहत दो दिवसीय ‘कॉफी मॉर्निंग’ और ‘ग्रैंडपेरेंट्स डे’ का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूल, अभिभावकों और दादा-दादी के बीच मजबूत संबंध स्थापित करना तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहन देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चार से हुआ। इसके बाद सकारात्मक और उत्साही वातावरण में प्री-प्राइमरी से पांचव तक के छात्रों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। नन्हे कलाकारों ने अंग्रेजी नाटकों और सुमधुर गीतों के माध्यम से अपनी अभिनय प्रतिभा, आत्मविश्वास और संगीतमय कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जीवन पर आधारित जीवंत झाँकी आकर्षण का केंद्र रही। छात्रों ने गणितीय प्रदर्शनों के जरिए संख्याओं के जादू को जीवंत कर दिखाया जिससे शिक्षा मनोरंजक और प्रेरणादायक बन गई। साथ ही बच्चों ने जल संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता सत्र आयोजित कर समाज को सशक्त संदेश दिया।
इस आयोजन का सबसे दिलचस्प हिस्सा अभिभावकों और दादा-दादी के लिए आयोजित विशेष खेल, क्विज और पारिवारिक गतिविधियाँ रहीं। परिवार के सदस्यों ने पूरे उत्साह से भाग लिया जिससे स्कूल और घर के बीच का भावनात्मक बंधन और गहरा हुआ।
स्कूल के निदेशक पंकज होलकर और प्रधानाचार्या हरलीन कौर चौधरी ने छात्रों के उत्साहपूर्ण प्रयासों की जमकर प्रशंसा की। निदेशक होलकर ने कहा कि ऐसे मंच बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारते हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए तैयार करते हैं।प्रधानाचार्या ने जोर दिया कि शिक्षा का असली मकसद केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता है।
अभिभावकों ने स्कूल की इस अनूठी पहल को अविस्मरणीय अनुभव करार दिया और भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों की मांग की। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संकल्प और खुशी के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *