– ककाड़ी में साहिया पीजी कॉलेज की एनएसएस इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुरू
साहिया। सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पीजी कॉलेज, साहिया की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुरू हो गया। ग्राम ककाड़ी के बहुउद्देशीय भवन में हुआ। 11 से 17 मार्च 2026 तक चलने वाले शिविर में स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में जन-जागरूकता का कार्य करेंगे।
ग्राम ककाड़ी के बहुउद्देशीय भवन में आयोजित शिविर के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत ककाड़ी के प्रधान सुंदर सिंह बिष्ट ने स्वयंसेवियों को स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के चेयरमैन अनिल सिंह तोमर ने शिविर में भाग ले रहे विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का संदेश दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने कहा कि शिविर विद्यार्थियों को समाज के निकट लाकर उनमें संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम अधिकारी वरुण प्रसाद सेमवाल ने श राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना, उद्देश्य और इसके मूल मंत्र “मैं नहीं, अपितु आप” के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिविर के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास किया जाता है। शिविर के शुभारंभ अवसर पर विशेष शिविर में भाग ले रहे स्वयंसेवियों ने मोबाइल के सीमित उपयोग का संकल्प लेते हुए “मोबाइल उपवास” का निर्णय लिया। इसके तहत फील्ड सर्वे के निर्धारित समय को छोड़कर प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक छात्र मोबाइल का उपयोग नहीं करेंगे, ताकि वे शिविर की गतिविधियों और सामूहिक जीवन में पूर्ण रूप से सहभागिता कर सकें।
इस अवसर पर अति विशिष्ट अतिथि वीरेंद्र बिष्ट, सामाजिक एवं जनसंपर्क विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रेनू देवी और अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवियों प्रांजल चौहान, तनीषा चौहान, अंकित, रवीना, प्रमिला, अमिता, मनीषा, पुष्पा, सारिका, नंदिनी, काजल, यशिका, आशीष और अंकिता सहित अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
