छात्र-छात्राओं के बीच पुलिस ने चलाई जागरूकता की पाठशाला

– एसएसपी के निर्देश पर शुरू हुआ “पुलिस आपके द्वार” अभियान

विकासनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर “पुलिस आपके द्वार” अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने क्षेत्र के एसजीआरआर पब्लिक स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।  कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा स्थानीय नागरिकों को साइबर अपराध, महिलाओं के प्रति अपराधों और नशे के खतरे से अवगत कराया गया।
पुलिस टीम ने छात्रों को बताया कि आज के डिजिटल युग में ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल से जुड़े अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। इनसे बचाव के लिए मजबूत पासवर्ड, दो-कारक प्रमाणीकरण और संदिग्ध लिंक न खोलने की सलाह दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के संदर्भ में घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, यौन उत्पीड़न जैसे अपराधों पर चर्चा की गई तथा निडर होकर शिकायत दर्ज कराने का आह्वान किया।
नशे के दुष्प्रभावों पर जोर देते हुए पुलिस ने युवाओं को अवैध मादक पदार्थों से दूर रहने और आसपास तस्करी देखने पर गोपनीय सूचना देने के लिए प्रेरित किया। सूचनादाताओं की पहचान सुरक्षित रखने का भरोसा दिया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की और घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ व साइबर क्राइम संबंधी कई प्रश्न पूछे, जिनके संतोषजनक उत्तर दिए गए। आपात सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 (पुलिस), 1090 (महिला हेल्पलाइन) तथा 181 (महिला सुरक्षा) की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
दून पुलिस का यह अभियान युवा पीढ़ी को सुरक्षित एवं जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। छात्रों ने नशे मुक्त समाज बनाने और पुलिस की इस मुहिम में सहयोग देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *