हत्याकांड का खुलासा: मुख्य साजिशकर्ताओं पर इनाम घोषित
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में 13 फरवरी को झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने दो अभियुक्तों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है।
सोमवार को एसएसपी कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल व एसटीएफ प्रमुख अजय सिंह ने घटना का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि मृतक विक्रम शर्मा (पुत्र अमृतपाल शर्मा, निवासी अमन विहार रायपुर) झारखंड का हिस्ट्रीशीटर था जिसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और अन्य अपराधों के 50 से अधिक मामले दर्ज थे। घटना के दिन जिम से निकलते समय तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें वह मौके पर ही मारा गया। जांच में पता चला कि अभियुक्तों ने कई महीने पहले साजिश रची थी। पहले जमशेदपुर और नोएडा में प्रयास असफल रहे। घटना से तीन महीने पहले एक अभियुक्त ने विक्रम के जिम को ज्वॉइन किया और उसकी दिनचर्या जानी। हत्या के दिन फोन पर सूचना देकर हमला कराया गया। भागने के लिए हरिद्वार से रेंटेड स्कूटी-बाइक और स्कॉर्पियो का इस्तेमाल किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अक्षत ठाकुर उर्फ मोहित (ग्रेटर नोएडा ) और राजकुमार (जमशेदपुर) शामिल हैं। पूछताछ पूछताछ में जेल विवाद, अपराध जगत में वर्चस्व और रंगदारी की रंजिश सामने आई। मुख्य साजिशकर्ता आशुतोष सिंह, विशाल सिंह, अंकित वर्मा, आकाश कुमार प्रसाद, यशराज और जितेंद्र कुमार साहू अभी भी फरार हैं जिन पर एसएसपी देहरादून ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस बाकी अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी कर रही है। मामला गैंगवार और व्यक्तिगत दुश्मनी से जुड़ा है।
