– एसएमआर महाविद्यालय में एनएसएस शिविर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
साहिया। सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय (पी.जी.) कॉलेज, साहिया की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई द्वारा ककाड़ी गाँव में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन “साक्षरता, डिजिटल साक्षरता एवं महिला सशक्तिकरण” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा, डिजिटल जागरूकता और महिला सशक्तिकरण के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य डॉ. रेनु गुप्ता ने कहा कि जौनसार-बावर क्षेत्र में महिलाओं को जो सम्मान प्राप्त है, वह महिला सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण है। आज के समय में साक्षरता और डिजिटल साक्षरता समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा एवं डिजिटल तकनीक से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएँ समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित ककाड़ी ग्राम की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बनीता तोमर ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला और एन.एस.एस. स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम बनते हैं। महाविद्यालय के चेयरमैन अनिल सिंह तोमर, सहायक प्राध्यापक अंग्रेजी रेखा, सहायक प्राध्यापक समाजशास्त्र प्रदीप कुमार, कार्यक्रम अधिकारी वरुण प्रसाद तथा डॉ. रेनू देवी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एन.एस.एस. स्वयंसेवकों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
*103 वर्ष के थेपा सिंह बिष्ट और 95 वर्ष के मेहर सिंह बिष्ट की उपस्थिति बनी शिविर की विशेषता*
कार्यक्रम में ककाड़ी गाँव के दो वरिष्ठतम ग्रामीणों 103 वर्ष आयु के श्री थेपा सिंह बिष्ट और 95 वर्षीय श्री मेहर सिंह बिष्ट की गरिमामयी उपस्थिति इस शिविर की विशेषता रही। दोनों वरिष्ठजनों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्रामीण स्तर पर आयोजित इस प्रकार के जागरूकता शिविरों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और जागरूकता के ऐसे प्रयासों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आता है और नई पीढ़ी को सही दिशा मिलती है। उनकी प्रेरक उपस्थिति से स्वयंसेवकों और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
