– एसएसपी दून की दो टूक: लापरवाही बरतने वाले कार्रवाई के लिए तैयार रहें
देहरादून। जनपद देहरादून के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पदभार संभालने के बाद सख्त रवैया अपनाते हुए हैं। इसी कड़ी में एसएसपी ने सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारियों की बैठक ली जिसमें एसएसपी ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस जवाबदेही पर कड़े निर्देश दिए।साथ ही लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने पर थाना प्रभारियों के साथ क्षेत्राधिकारियों की भी जवाबदेही तय होगी। उन्होंने ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत चल रहे सत्यापन अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बाहरी व्यक्तियों, संस्थानों, प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों में रहने वालों का सत्यापन सुनिश्चित करें। अभियान में कोताही बरतने वाले थाना प्रभारियों पर विभागीय कार्रवाई होगी। साथ ही पीक आवर्स में मुख्य बाजारों, व्यस्त मार्गों और चौराहों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने पर जोर दिया। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी खुद मौके पर उपस्थित रहकर चेकिंग करें और संगठित अपराध में लिप्त अभ्यस्त अपराधियों को चिन्हित कर गैंगस्टर एक्ट के तहत निरुद्ध करने की कार्रवाई की जाए। इसमें लापरवाही पर थाना प्रभारी व क्षेत्राधिकारी दोनों जिम्मेदार होंगे। एसएसपी ने ईनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित करने को कहा। रमजान और आगामी होली के मद्देनजर संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
