– उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित अंतर क्रिकेट प्रतियोगिता सम्पन्न
– मैन ऑफ द सीरीज का खिताब सोबन सिंह गुसाईं के नाम
देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित द्वितीय मंजूल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब दून डेयर डेविल्स के नाम रहा। फाइल मुकाबले में दून डेयर डेविल्स ने दून सुपर किंग को हराकर ट्राफी अपने नाम की।
सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में हुए रोमांचक मुकाबले में दून डेयर डेविल्स ने दून सुपर किंग्स को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। आज का मैन ऑफ द मैच अरविंद रावत को मिला।टूर्नामेंट की मैन ऑफ द सीरीज सोबन सिंह गुसाईं, बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट अजय राणा व बेस्ट बेस्टमेन ऑफ टूर्नामेंट सोबन सिंह गुसाईं को मिला। इसके साथ ही 50 प्लस खिलाड़ियों में बेस्ट बॉलर ऑफ टूर्नामेंट में अजय राणा व बेस्ट बेस्टमेन ऑफ टूर्नामेंट शैलेन्द्र सेमवाल को मिला।
इससे पूर्व टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दून सुपर किंग्स ने 19.1 ओवर में 142 रन बनाए। टीम की ओर से रुपेश ने 33 रन, दीपक पुरोहित ने 30 रन, हिमांशु जोशी ने 15 रन, मनीष डंगवाल व संजय नेगी ने 9-9 रन तथा शैलेंद्र सेमवाल ने 7 रन बनाए। कप्तान सुरेंद्र डसिला चार रन ही बना सके। दून डेयर डेविल्स की ओर से गेंदबाजी में मनोज सिंह जयाड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2.1 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट झटके। अरविंद रावत ने 2 विकेट, जबकि ठाकुर नेगी और मनबर रावत ने 1-1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दून डेयर डेविल्स ने 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 146 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। टीम की ओर से ठाकुर नेगी ने 43 रनों की शानदार पारी खेली। मनबर रावत ने नाबाद 26 रन और अरविंद रावत ने नाबाद 24 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। कप्तान विजय जोशी ने 15 रन, मनोज ज्याडा ने 9 रन और मनमोहन (विकेटकीपर) ने 1 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में 28 रन मिले। दून सुपर किंग्स की ओर से दीपक पुरोहित ने 2 विकेट, जबकि सुरेंद्र डसीला और मनीष डंगवाल ने 1-1 विकेट लिया।
मुख्य अतिथि संरक्षक, सीएयू पीके वर्मा, दैनिक जागरण के संपादक मनोज कुमार झा एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 25,000 रुपये की धनराशि प्रदान की। वहीं अति विशिष्ट अतिथि पूर्व मेयर सुनील उनियाल ‘गामा’ एवं कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने उपविजेता टीम को रनर-अप ट्रॉफी के साथ 18,000 रुपये की धनराशि प्रदान की।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष भाजपा सिद्धार्थ अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि ललित जोशी, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि प्रतियोगिता पत्रकारों में खेल भावना और भाईचारे को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया। कमेंट्री राजेश बहुगुणा एवं मनमोहन सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से की।
इस अवसर पर अति विशिष्ठ अतिथि मंजूल सिंह मांजिला के पुत्र विक्रांत व आयुष्मान मांजिला, अति विशिष्ठ अतिथि सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर डीएस पंवार, अतिथि कृपाल पंवार, सुबोध सेमवाल, अनिल शास्त्री, मेघा, विशाल कौशिक, खेल संयोजक सोबन सिंह गुसाईं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री मीना नेगी, शिवेश शर्मा, संप्रेक्षक विजय जोशी कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, रश्मि खत्री, मनबर सिंह रावत, मनोज जयाड़ा, हिमांशु जोशी आदि उपस्थित रहे।
