दून पुलिस ने लौटाई मुस्कान: 70 लाख मूल्य के 415 मोबाइल लौटाएं

– एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने स्वामियों को लौटाए मोबाइल

देहरादून। दून पुलिस ने जनसेवा और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर क्राइम सेल देहरादून की टीम ने कड़ी मेहनत, तकनीकी विश्लेषण और सर्विलांस के जरिए जनपद के विभिन्न स्थानों से गुम हुए 415 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत 70 लाख 45 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है।

शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बरामद किए गए सभी मोबाइल फोनों को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। इस दौरान मोबाइल स्वामियों ने दून पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस के अनुसार, खोए हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए एसएसपी द्वारा साइबर क्राइम सेल को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों के अनुपालन में टीम ने CEIR पोर्टल और सर्विलांस की मदद से उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों से मोबाइल फोनों को ट्रेस किया। लगातार प्रयास और तकनीकी सहयोग के चलते पुलिस को यह उल्लेखनीय सफलता मिली।इस अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (स्पेशल ऑपरेशन्स) अंकित कण्डारी, निरीक्षक प्रभारी साइबर क्राइम सेल गिरीश चन्द्र शर्मा, महिला उप निरीक्षक निर्मल भट्ट, हेड कांस्टेबल भरत सिंह रावत, महिला कांस्टेबल रचना निराला, हेड कांस्टेबल (एसओजी) सूरज रावत, किरण कुमार, कांस्टेबल प्रकाश राज (सीओ ऑप्स कार्यालय) तथा जनपद के थानों में CEIR पोर्टल पर तैनात कर्मियों की अहम भूमिका रही। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने आमजन से अपील की कि वे कम कीमत के लालच में किसी भी अनजान व्यक्ति से बिना वैध बिल और पहचान पत्र के मोबाइल फोन न खरीदें। उन्होंने कहा कि ऐसा करना चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त को बढ़ावा देता है और भविष्य में कानूनी परेशानियों का कारण बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *