– पति ने ही की पत्नी की हत्या, शव जंगल में फेंका
देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला जंगल में 11 मार्च को सफेद प्लास्टिक के कट्टे में मिली अज्ञात महिला की हत्या की मिस्ट्री मात्र आठ दिनों में सुलझ गई। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान उसकी पहली पत्नी रूपा (32) के रूप में हुई, जबकि आरोपी उसका पति रंजीत शर्मा (32) है।
पुलिस को 11 मार्च को बालासुदरी/शीतला माता मंदिर के पास जंगल से सड़ा-गला शव मिला था। पोस्टमार्टम में मौत का कारण गला दबाकर हत्या पाया गया। चेहरा खराब होने से शिनाख्त नहीं हो पाई, कोई CCTV भी नहीं था। पुलिस ने 8 टीमों का गठन कर 2500 से अधिक CCTV फुटेज चेक कीं, जंगलों में सर्च किया। महिला के पहनावे से झुग्गी बस्ती का शक होने पर 30 से ज्यादा मलिन इलाकों में छापेमारी की गई। 5000 से अधिक मजदूरों-स्थानीय लोगों का सत्यापन किया, पैंफलेट बांटे और सोशल मीडिया पर अपील की।
19 मार्च को निर्माण साइट पर मजदूर रंजीत के बारे में संदेह हुआ। ठेकेदार से पूछताछ पर पता चला कि उसकी पहली पत्नी रूपा फरवरी में बच्ची के साथ आई थी, लेकिन गायब बताई जा रही थी। भाटोवाला पहुंची टीम ने रंजीत को भागते हुए दबोचा। पूछताछ में उसने कबूल लिया कि 5 मार्च की रात विवाद में उसने रूपा का गला दबाकर हत्या कर दी। शव को कट्टे में बंद कर 4 दिन छिपाया, फिर 8 मार्च को बाइक पर जंगल में फेंक दिया। रूपा दबाव बना रही थी कि वह दूसरी पत्नी सुशीला को छोड़ दे। रंजीत बिहार के सहरसा जिले का निवासी है, देहरादून में मजदूरी करता था। पुलिस ने स्वयं को वादी बनाकर अज्ञात महिला को न्याय दिलाया। जांच टीम को आईजी गढ़वाल रेंज द्वारा 5000 रुपये और एसएसपी द्वारा 2500 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया।
