– जिला कार्यकारिणी के 21 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
देहरादून। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर एसोसिएशन (उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ) जनपद देहरादून का सप्तम त्रैवार्षिक अधिवेशन, निर्वाचन एवं शैक्षिक संगोष्ठी सहस्त्रधारा स्थित ईश रिसोर्ट में आयोजित की गई। अधिवेशन में बड़ी संख्या में शिक्षकों और पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ शैक्षिक संगोष्ठी से हुआ, जिसमें शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने राजकीय विद्यालयों में छात्र नामांकन बढ़ाने, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, छात्र संख्या के अनुसार शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों, अभिभावकों और प्रशासन के बीच समन्वय आवश्यक है। साथ ही विद्यालयों में संसाधनों की उपलब्धता और शिक्षकों की पर्याप्त नियुक्ति से ही सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाया जा सकता है।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) प्रेमलाल भारती के निर्देशन में चुनाव अधिकारी सुभाष रतूड़ी तथा चुनाव पर्यवेक्षक गोविंद बोरा (जिला अध्यक्ष, चंपावत) एवं प्रीतम सिंह बर्तवाल (सदस्य, प्रांतीय तदर्थ समिति) की देखरेख में त्रैवार्षिक चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। चुनाव में जनपद देहरादून की जिला कार्यकारिणी के सभी 21 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ।
निर्वाचन में धर्मेंद्र सिंह रावत को अध्यक्ष, रूपक पुरी को मंत्री, योगेश कुमार को कोषाध्यक्ष तथा राकेश कुमार राणा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा चमन सिंह, शैलेंद्र नेगी, वीर बसंत डंडरियाल और मोहन हटवाल उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि नीलिमा नेगी को महिला उपाध्यक्ष बनाया गया। रमेश चंद्र संयुक्त मंत्री, दीवान सिंह चौहान और नीलम बिष्ट उपमंत्री, सत्यजीत सिंह चौहान, मंजीत सिंह सोलंकी और अजय नेगी संगठन मंत्री चुने गए। उषा राणा महिला संगठन मंत्री, वीरेंद्र सिंह, शांति रावत और प्रेम मोहनलाल प्रचार मंत्री तथा दामिनी महिला प्रचार मंत्री निर्वाचित हुईं। शमशेर सिंह को लेखाकार के पद पर निर्विरोध चुना गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल भारती ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं संघ निष्ठा की शपथ दिलाई और उन्हें संगठन को मजबूत बनाने तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह कृषाली उपस्थित रहे। इसके अलावा उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के विभिन्न जनपदों के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। इनमें चंपावत के जिला अध्यक्ष गोविंद बोरा, अल्मोड़ा के जिला अध्यक्ष किशोर जोशी, टिहरी के जिला अध्यक्ष चंद्रवीर सिंह नेगी, चमोली के जिला अध्यक्ष दिगंबर नेगी, उत्तरकाशी के जिला अध्यक्ष जयदेव राणा, अल्मोड़ा के जिला मंत्री जगदीश भंडारी, चमोली के जिला मंत्री मुकेश नेगी तथा उत्तरकाशी के जिला मंत्री विजेंद्र पंवार प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इसके साथ ही जनपद देहरादून के सभी छह विकासखंडों की कार्यकारिणी के पदाधिकारी और डेलिगेट्स भी अधिवेशन में मौजूद रहे। इनमें रायपुर के ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद सिंह सोलंकी और मंत्री बिनोद असवाल, डोईवाला के अध्यक्ष नरेंद्र सागर और मंत्री सिद्धार्थ शर्मा, सहसपुर के अध्यक्ष प्रमोद रावत और मंत्री रविंद्र पांडे, विकासनगर की अध्यक्ष मधु पटवाल और मंत्री कमल सुयाल, कालसी के अध्यक्ष पीतांबर तोमर और मंत्री प्रवेश ढौंढियाल तथा चकराता की अध्यक्ष संगीता चौहान और मंत्री हेमवती नंदन भट्ट शामिल रहे। कार्यक्रम में राज्य खेल समन्वयक लेखराज तोमर सहित अनेक शिक्षक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
