– 14 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज को नई दिशा देगा भागवत महोत्सव
देहरादून। श्रीमद् भागवत सेवा जन कल्याण समिति द्वारा विगत 14 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव इस वर्ष भी भव्य रूप में आयोजित होगा। कार्यक्रम दो से नौ अप्रैल तक चलेगा जिसमें नारी शक्ति के सम्मान और नशा मुक्त समाज के निर्माण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 2 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा से होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। तीन अप्रैल से कथा का विधिवत शुभारंभ होगा। प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से सायं 6:30 बजे तक प्रख्यात कथावाचक आचार्य पवन नंदन जी महाराज कथा का वाचन करेंगे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार का मुख्य उद्देश्य नारी सम्मान को बढ़ावा देना, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना, जाति-धर्म से ऊपर उठकर सामाजिक एकता को मजबूत करना और नशा जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाना है। भागवत कथा को केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले मंच के रूप में देखा जा रहा है।
कथा का समापन 9 अप्रैल को विशाल भंडारे के साथ होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
प्रेस वार्ता में समिति के संरक्षक विनोद राई, अध्यक्ष प्रेम सिंह भंडारी, उपाध्यक्ष अभिषेक परमार, महामंत्री नवीन जोशी, मालती राई, डी.एस. फर्त्याल, के.एन. लोहानी, बृज किशोर यादव, दीपक गोसाईं, सुनील रावत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नारी शक्ति और नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।
