पॉलीटेक्निक रोजगार मेले में पहुंची 81 कंपनियां, 1285 युवाओं ने दिए इंटरव्यू

– नई तकनीक से खुद को अपडेट करें युवा: उनियाल

देहरादून। राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, पिथूवाला में गुरुवार को उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग की ओर से भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 81 प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों और कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जबकि रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचे। करीब 1600 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1285 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने की। इस अवसर पर प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और आयोजन के लिए विभागीय अधिकारियों को बधाई दी। मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि आज का दौर तकनीक का है और युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और रोबोटिक्स इंजीनियरिंग जैसी नई तकनीकों के अनुरूप स्वयं को लगातार अपडेट करना होगा। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से सशक्त युवा ही देश और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के पॉलीटेक्निक संस्थानों को आधुनिक संसाधनों, हाईटेक लैब और उन्नत शैक्षणिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों के अलावा निजी क्षेत्र और स्वरोजगार में भी युवाओं के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

विधायक विनोद चमोली ने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से कुशल युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार उपनल के माध्यम से युवाओं को विदेशों में भी रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास कर रही है। उत्तराखंड तकनीकी शिक्षा निदेशक देशराज ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित रोजगार मेलों में 71 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को कैंपस प्लेसमेंट मिला था और विभाग का लक्ष्य इस बार शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, विभिन्न पॉलीटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्य, औद्योगिक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *