– मेडिकल शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
देहरादून। रासबिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय की प्रोफेसर एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. नितिका कौशल को प्रतिष्ठित ‘भारत श्री राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार-2026’ से अलंकृत किया गया। उक्त सम्मान इंस्टीट्यूट फॉर सोशल रीफार्म एंड हायर एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा मेडिकल एजुकेशन में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
शनिवार को उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड भवन में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल, विशिष्ट अतिथि विधायक सविता कपूर, संदीप सिंघल, अजय कुमार सिंह, सुरेश चंद्र बलूनी (यूजेवीएनएल) ने
प्रो. नितिका कौशल को अवार्ड से नवाजा। प्रो. नितिका को उक्त अवार्ड “Outstanding Contribution in Medical Education” श्रेणी में यह विशेष सम्मान मिला, जो उनके समर्पित नेतृत्व, छात्र कल्याण, शैक्षणिक गुणवत्ता उन्नयन, व्यक्तित्व विकास तथा शोध कार्यों की राष्ट्रीय मान्यता है। उनके मार्गदर्शन में चलाए गए कार्यक्रमों ने छात्रों में आत्मविश्वास, सामाजिक जिम्मेदारी और अकादमिक उत्कृष्टता को मजबूत किया है। प्रो. कौशल ने भावुक होकर कहा कि पुरस्कार मेरे लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से कहीं अधिक एक नया संकल्प है। यह मेरे माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुओं के विश्वास और विद्यार्थियों के स्नेह का फल है। मैं शिक्षा को सेवा और संस्कार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देती रहूंगी। समारोह में अन्य क्षेत्रों के उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर नरेंद्र सिंह, एन.के. यादव, एर. एच.के. उप्रेती, डॉ. प्रशांत अग्रवाल, ट्रस्ट के अध्यक्ष
डॉ. अतुल शर्मा, सचिव डॉ. रेशु गुप्ता ने भी विचार व्यक्त किए।
