– लम्बी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर किया काबू
– लाखों का फर्नीचर जलकर खाक
देहरादून। राजधानी के लक्कड़ मंडी क्षेत्र में रात को एक फर्नीचर के गोदाम में अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड को काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण करने में कामयाबी मिली।
सहारनपुर चौक स्थित एक फर्नीचर के गोदाम में धुआं उठता देख हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में लकड़ी और तैयार फर्नीचर रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आनन-फानन में अन्य व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिया और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुट गई। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। समय रहते गोदाम में मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
