सड़क किनारे खुलेआम शराब पीने वालों को पुलिस ने पढ़ाया कानून का पाठ
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के सख्त निर्देशों पर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ दून पुलिस का अभियान तेजी से जारी है। इसी कड़ी में रात प्रेमनगर थाना पुलिस ने प्रेमनगर बाजार, नन्दा की चौकी, सुधोवाला, झझरा, विधोली और पौंधा इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे, खुले में या वाहनों में बैठकर शराब पीते या पिलाते पाए गए कुल 21 व्यक्तियों को पुलिस ने अपनी वाहन में बैठाकर थाने पहुंचाया। मजाकिया अंदाज में इसे ‘शराबियों की बारात’ और ‘दून पुलिस की वाहन सेवा’ कहा जा रहा है। थाने पर पूछताछ के बाद सभी को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 5,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे दुर्घटनाएं, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियां बढ़ती हैं। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर यह अभियान लगातार चल रहा है। पुलिस नियमित रूप से ऐसे वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर साझा कर जनता को जागरूक कर रही है।
