– ईडीआईआई अहमदाबाद में ग्रीष्मकालीन उद्यमिता शिविर
अहमदाबाद/देहरादछन। एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (ईडीआईआई) ने वर्ष 2026 के लिए बच्चों और युवाओं के राष्ट्रीय उद्यमिता ग्रीष्मकालीन शिविरों की घोषणा कर दी है। उद्यमिता विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी संस्थान ईडीआईआई वर्ष 1992 से इन शिविरों का आयोजन कर रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में प्रारंभिक स्तर पर ही उद्यमी सोच, नेतृत्व क्षमता और जीवन कौशल विकसित करना है।
इस वर्ष ‘एंटरप्रेन्योरियल स्टिमुलेशन फॉर चिल्ड्रेन’ के 46वें और 47वें संस्करण क्रमशः 3 से 8 मई तथा 24 से 29 मई 2026 को ईडीआईआई के पुरस्कार विजेता परिसर, अहमदाबाद में आयोजित होंगे। ये शिविर 12 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए हैं। वहीं ‘एंटरप्रेन्योरियल एडवेंचर्स फॉर यूथ’ के 49वें और 50वें संस्करण 11 से 20 मई तथा 1 से 10 जून 2026 को 16 से 22 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए होंगे।
पिछले तीन दशकों में ईडीआईआई ने इन शिविरों के माध्यम से 3,228 बच्चों और 2,100 युवाओं को प्रशिक्षित किया है। बच्चों के शिविर में प्रतिभागियों को अपनी ताकत-कमजोरियों को समझने, सकारात्मक सोच विकसित करने और उपलब्धि की भावना जगाने का अवसर मिलता है। शिविर समाप्ति पर अभिभावकों को बच्चे के व्यक्तित्व और भविष्य के विकास संबंधी विस्तृत रिपोर्ट भी प्रदान की जाती है।
युवा शिविर में जोखिम लेने की क्षमता, रचनात्मक सोच, टीम वर्क, समस्या समाधान, प्रभावी संचार और करियर परामर्श पर विशेष ध्यान दिया जाता है। दोनों शिविरों में सफल उद्यमियों से संवाद और फील्ड विजिट प्रतिभागियों पर स्थायी प्रभाव छोड़ते हैं।
