- जिला बैडमिंटन में तीन गोल्ड, स्टेट में गर्ल्स सिंगल का खिताब कर चुकी है अपने नाम
- शानदार प्रदर्शन के लिए बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने किया सम्मानित
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) खेलों की दुनिया में अपना एक नया मुकाम हासिल कर रहा है। स्कूल के कई छात्र-छात्राएं देश—दुनिया में स्कूल और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे है। इसी कड़ी में एसबीपीएस की उभरती बैडमिंटन छात्रा रिदा तनवीर का नाम भी शामिल है। रिदा ने योनेक्स सनराइज 23वीं स्टेट बैडमिंटन चैम्पियनशिप में अंडर-17 गर्ल्स का खिताब अपने नाम किया।
बृहस्पतिवार को हरिद्वार बाईपास स्थित स्कूल परिसर में शानदार प्रदर्शन के लिए बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने रिदा तनवीर को सम्मानित किया। साथ ही भविष्य में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रिदा बैडमिंटन में स्कूल की समृद्ध विरासत को आगे ले जाने का काम करेगी। रिदा तनवीर एसबीपीएस में 10वीं की छात्रा है। रिदा ने हाल में रुद्रपुर में आयोजित 23वीं राज्यस्तरीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप के अडर-17 में गर्ल्स सिंगल का खिताब जीता। साथ ही मिक्स डबल और गर्ल्स डबल में भी सेमीफाइनल तक पहुंची। इसके अलावा जिला बैडमिंटन चैम्पियनशिप में अंडर-17 गर्ल्स सिंगल, डबल और मिक्स डबल में तीनों ही खिताब जीते। पिता तनवीर अहमद के अनुसार रिदा ने चौथी क्लास से ही बैडमिंटन खेलना शुरू कर दिया। सोशल बलूनी बैडमिंटन एकादमी में उसके हुनर को तराशा गया और आज वह बैडमिंटन कोर्ट में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने बताया कि रिदा 2021 से अब तक जिला और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में नौ गोल्ड मेडल, दो सिल्वर और दो ब्रांज मेडल जीत चुकी है। इससे पहले अंडर-13 में रिदा को नेशनल रैंकिंग सिंगल में 14वीं रैंक तो गल्र्स डबल में 11वीं रैंक हासिल थी। इस मौके पर प्रिंसिपल पंकज नौटियाल, टीचर्स और अन्य स्टाफ भी मौजूद थे।
