भाजपा ने किया कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन

– कांग्रेस पर लगाया देश की वैश्विक छवि खराब करने का आरोप

– राहुल गांधी पर साधा निशाना

देहरादून। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित India AI Impact Summit 2026 के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए ‘बिना शर्ट’ (shirtless) विरोध प्रदर्शन के खिलाफ देहरादून में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज तीखा विरोध जताया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में निकाले गए पैदल मार्च में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
20 फरवरी को समिट के अंतिम दिनों में युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, बेरोजगारी तथा महंगाई जैसे मुद्दों पर आपत्ति जताई। पुलिस ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया, जिसमें चार प्रमुख नेता हिरासत में भी ले लिए गए थ। भाजपा ने इसे ‘राष्ट्रीय शर्मिंदगी’, ‘देशद्रोह’ और ‘भारत की वैश्विक छवि को धूमिल करने की साजिश’ करार दिया। घटना के विरोध में देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। भाजपा कार्यकर्ता घंटाघर से पलटन बाजार होते हुए दर्शनी गेट तक रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि एक महत्वपूर्ण वैश्विक मंच पर ऐसा अराजक प्रदर्शन लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। यह ध्यान भटकाने और राजनीतिक लाभ के लिए किया गया कृत्य है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत AI क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना रहा है। ऐसे में ऐसी हरकतें अस्वीकार्य हैं। मार्च के दौरान बाजार में मौजूद व्यापारियों और आम लोगों ने भी कांग्रेस की ‘तुष्टिकरण की राजनीति’ के खिलाफ आक्रोश जताया।
कार्यक्रम में श्याम अग्रवाल, सुनील उनियाल ‘गामा’, राजेंद्र सिंह ढिल्लों, सुनील शर्मा, विजेंद्र थपलियाल, संदीप मुखर्जी, राजेश काम्बोज, ओम कक्कड़, हरीश डोरा, बबलू बंसल, मोहित शर्मा, पूनम मंगाई, अक्षत जैन, आशीष शर्मा, अनिल गुप्ता, कुलदीप पेंट, नीरज रथी, महिपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे। भाजपा ने स्पष्ट किया कि ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और देश की प्रगति में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *