भारत की पहली दिव्यांग क्रिकेट टीम का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दमखम दिखाने को तैयार 

  • दिव्यांग क्रिकेट टीम के श्रीलंका दौरे से नए इतिहास की शुरुआत

देहरादून। भारत की पहली “पारा क्रिकेट क्लब ऑफ़ इंडिया (PCCI)” की टीम आगामी 13 से 17 नवंबर तक श्रीलंका के दौरे पर रवाना हो रही है। इस ऐतिहासिक दौरे में देशभर से चयनित 28 दिव्यांग खिलाड़ी और पांच अधिकारी शामिल होंगे।

पारा क्रिकेट क्लब ऑफ़ इंडिया की अध्यक्ष देहरादून निवासी भूमिका यादव ने कहा कि टीम भारत के विभिन्न राज्यों और छोटे कस्बों से आए उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का समूह है जो पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। यह अवसर उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण है। श्रीलंका यात्रा खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और संकल्प की मिसाल है। दिव्यांग खिलाड़ी आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और श्रीलंका दौरा इस बात का सशक्त प्रमाण बनेगा।”

महासचिव संगीत चौहान ने बताया कि टीम ने कठिन परिश्रम और समर्पण से तैयारी की है। हमारा उद्देश्य है कि खिलाड़ी न केवल खेलें बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करें। टीम निदेशक महेंद्र सिंह ने इस दौरे को दिव्यांग क्रिकेट का दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह वही शुरुआत है जो भविष्य में देश के दिव्यांग क्रिकेटरों को विश्वस्तरीय पहचान दिलाएगी। कई खिलाड़ी ऐसे हैं जो पहली बार अपने गांवों और छोटे कस्बों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच रहे हैं, यह अपने आप में एक ऐतिहासिक पल है। यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “विकसित भारत 2047” के विज़न को साकार करने की दिशा में एक ठोस प्रयास है जिसमें दिव्यांग नागरिकों को समान अवसर और सम्मान के साथ आगे बढ़ाने की भावना निहित है।

श्रीलंका दौरे के बाद टीम भारत लौटकर आगामी अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की तैयारी करेगी:। पांच  फरवरी 2026 को अबू धाबी मास्टर गेम्स में भारतीय पारा क्रिकेटरों की भागीदारी प्रस्तावित है। 22 से 26 फरवरी 2026 तक देहरादून में दिवंगत क्रिकेटर धर्मेंद्र फौजी की पुण्यतिथि पर छह राज्यों के बीच व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। इन सभी आयोजनों का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगों को सम्मान, अवसर और मंच देना है ताकि वे खेल के माध्यम से समाज की मुख्यधारा में अग्रणी भूमिका निभा सकें।

पारा क्रिकेट क्लब ऑफ़ इंडिया का यह श्रीलंका दौरा भारतीय दिव्यांग खेलों के भविष्य की नींव रखेगा और आने वाले वर्षों में देश को कई नए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देने की दिशा में एक ऐतिहासिक शुरुआत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *