महिला कांग्रेस ने चौराहे पर चूल्हा जलाकर बनाई रोटी-सब्जी

– महंगाई की मार: महिला कांग्रेस ने किया अनोखा विरोध प्रदर्शन 
देहरादून।  रसोई गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 की तेज बढ़ोतरी के खिलाफ अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के आह्वान पर उत्तराखंड में जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में देहरादून में कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया।
कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से शुरू हुई पदयात्रा में महिलाओं ने सर पर गैस सिलेंडर उठाकर भाजपा जिला मुख्यालय की ओर मार्च किया और महंगाई विरोधी नारे लगाए। कनक चौक पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर आगे बढ़ने से रोका। यहां प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को फूल-माला पहनाकर श्रद्धांजलि देकर केंद्र सरकार की महंगाई नीतियों का विरोध जताया। प्रदर्शन में महिलाओं ने चूल्हे पर लकड़ी जलाकर रोटी-सब्जी बनाई और लोगों को खिलाकर दिखाया कि बढ़ती महंगाई के कारण गरीब परिवार फिर से पुराने जमाने की तरह चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हो रहे हैं। केंद्र सरकार अपने उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ा रही है, जो महिलाओं की रसोई पर सीधा हमला है। एक तरफ महिला सशक्तिकरण की बातें, दूसरी तरफ महंगाई से आम जनता का बजट बिगाड़ना। गरीब और मध्यम वर्ग के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। विरोध प्रदर्शन में  उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, जया कर्नाटक, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढोंडियाल थापा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *