– 1,000 महिलाओं को पूर्णतः शुल्क-मुक्त ऑनलाइन एमबीए स्कॉलरशिप
देहरादून। यूपीईएस ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के मौके पर महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘1,000 विमेन – 1,000 ड्रीम्स’ नामक विशेष स्कॉलरशिप पहल की घोषणा की है। इस अभियान के तहत देशभर की 1,000 योग्य महिलाओं को यूपीईएस के ऑनलाइन एमबीए कार्यक्रम में पूर्ण ट्यूशन फीस माफी (100% फ्रीशिप) प्रदान की जाएगी।
इस पहल के अंतर्गत स्कॉलरशिप तीन प्रमुख समूहों में बांटी गई हैं, जो महिला सशक्तिकरण के विभिन्न आयामों को छूती हैं। 300 स्कॉलरशिप सशस्त्र बलों से जुड़ी महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं जिसमें भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की सेवा में कार्यरत महिलाओं के लिए प्रत्येक बल से 100-100 स्कॉलरशिप तथा सेवा में कार्यरत या सेवानिवृत्त कर्मियों की पत्नियों और बेटियों के लिए भी स्थान रखा गया है।
250 स्कॉलरशिप टेक और स्टार्ट-अप इकोसिस्टम में कार्यरत या स्टार्ट-अप स्थापित कर रही महिलाओं के लिए विशेष रूप से आरक्षित हैं। यह क्षेत्र वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन महिलाओं का प्रतिनिधित्व अभी भी अपेक्षाकृत कम है। शेष 450 स्कॉलरशिप भारत की किसी भी क्षेत्र या पृष्ठभूमि की महिलाओं के लिए खुली रखी गई हैं, जिसमें यूपीईएस की महिला स्टाफ और कर्मचारियों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
यूपीईएस के वाइस-चांसलर डॉ. सुनील राय ने इस अवसर पर कहा, “हर महिला को नेतृत्व तक पहुंच बनाने वाले संसाधन मिलने चाहिए। ‘1,000 विमेन – 1,000 ड्रीम्स’ के जरिए हम महत्वाकांक्षा के रास्ते में लागत को बाधा नहीं बनने दे रहे हैं—चाहे वह महत्वाकांक्षा देशसेवा से जुड़ी हो, टेक्नोलॉजी और स्टार्ट-अप जैसे उच्च-विकास वाले क्षेत्रों में हो, या फिर अपने करियर में आगे बढ़ने की दृढ़ इच्छा से प्रेरित हो। यह पहल प्रतिभा को ठोस अवसर के साथ समर्थन देने का हमारा तरीका है।”
यह पहल यूपीईएस के ‘प्रोजेक्ट शक्ति’ (2020 में शुरू किया गया ‘ईयर ऑफ वूमेन एम्पावरमेंट’ कार्यक्रम) का हिस्सा है और संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-5 (जेंडर इक्वैलिटी) से जुड़ी हुई है। विश्वविद्यालय का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा तक पहुंच महिलाओं के करियर और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करेगी। इस स्कॉलरशिप के माध्यम से यूपीईएस न केवल सशस्त्र बल समुदाय की महिलाओं का समर्थन कर रहा है, बल्कि टेक-स्टार्टअप क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और सामान्य महिलाओं को करियर में नई उड़ान भरने का अवसर भी उपलब्ध करा रहा है।
