उत्तरांचल विश्वविद्यालय में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
देहरादून । उत्तरांचल विश्वविद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विवि के 29 यूके एनसीसी बटालियन के उन कैडेट्स को सम्मानित किया गया जिन्होंने गणतंत्र दिवस कैम्प (आरडीसी) और थल सेना कैम्प (टीएससी) में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
शुक्रवार को विवि परिसर में श आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेन्द्र जोशी ने कैडेट्स को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आरडीसी एवं टीएससी जैसे राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित कैम्प में चयन अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। इन कैडेट्स ने अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम के बल पर प्रदेश व विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। सम्मानित होने वाले कैडेट्स में हिमांशु जखमोला, उदय रेड्डी, सूरज नौटियाल, कृपाल सिंह, वैभव तिवारी, बिराज चंदा तथा अनन्या सैनी शामिल थे। विश्वविद्यालय की उपाध्यक्ष अंकिता जोशी ने कहा कि एनसीसी बटालियन ने अल्प समय में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। कैडेट आयुष गौड़ ने एफकैट में प्रथम स्थान प्राप्त कर भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में सफलता हासिल की, जबकि कैडेट आयुष भट्ट का चयन अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय एलपाइन स्कीइंग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है।
