शिक्षकों की लंबित मांगों पर जल्द होगी कार्रवाई

– उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ रायपुर ने उप शिक्षा अधिकारी से की मुलाकात

– एक माह में सर्विस बुक-जीपीएफ/एनपीएस पूरी करने का आश्वासन

देहरादून।  उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ (उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर एसोसिएशन) विकासखंड रायपुर की कार्यकारिणी ने उप शिक्षा अधिकारी हेमलता गौड़ उनियाल से महत्वपूर्ण मुलाकात की। बैठक में शिक्षकों के हितों एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़े 15 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

संघ के अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी एवं मंत्री बिनोद सिंह असवाल ने लंबित प्रकरणों के समय पर निस्तारण न होने पर गहरा रोष व्यक्त किया। अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा कि पिछले वर्ष संगठन के आह्वान पर शिक्षकों की सर्विस बुक तथा जीपीएफ/एनपीएस बुक का अवलोकन करवाया गया था, लेकिन उनमें पाई गई कमियां अभी तक दूर नहीं की गईं। चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान का लाभ वेतन में मिल जाने के बावजूद एरियर का भुगतान लंबित है। अन्य मुद्दों में संकुल स्तर पर विभागीय कार्यों की पूर्ववत व्यवस्था, पाठ्य-पुस्तकों की समय पर उपलब्धता, बीएलओ एवं अन्य अतिरिक्त कार्यों से स्कूल संचालन में बाधा, बाल्य देखभाल अवकाश हेतु अनावश्यक शपथ-पत्र की बाध्यता, कनिष्ठ-वरिष्ठ शिक्षकों में वेतन विसंगति, एनजीओ का अनावश्यक हस्तक्षेप, एकल शिक्षक वाले स्कूलों में अवकाश की स्थिति में व्यवस्था तथा विशिष्ट अवकाश की स्पष्टता जैसी मांगे शामिल हैं।
उप शिक्षा अधिकारी हेमलता गौड़ उनियाल ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आश्वासन दिया कि सर्विस बुक एवं जीपीएफ/एनपीएस बुक की कमियां एक माह के भीतर पूरी कर दी जाएंगी। लंबित एरियर के भुगतान हेतु संगठन से सहयोग लेकर प्रकरण तैयार कर जनपद को वित्तीय स्वीकृति के लिए भेजे जाएंगे। एकल शिक्षक वाले स्कूलों में अवकाश पर सीआरपी द्वारा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। विशिष्ट अवकाश संबंधी निर्णय उच्च स्तर से लिया जाएगा तथा बीएलओ आदि कार्यों की समस्या निर्वाचन आयोग के समक्ष रखी जाएगी। उन्होंने समस्त प्रकरणों के यथाशीघ्र समाधान का वादा किया।
बैठक में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी बिजेंद्र सिंह जयाडा सहित संघ के कोषाध्यक्ष प्रशांत सकलानी, संरक्षक रविंद्र नाथ उपाध्याय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गीता लिंगवाल, संयुक्त मंत्री संजय कुमार, उपाध्यक्ष फरसराम कोठारी, प्रकाश डबराल, राजेश्वरी थपलियाल, उप मंत्री अनीता नैथानी, प्रमोद कुमार, संगठन मंत्री आशा मोहन, ज्ञानानंद चमोली, प्रचार मंत्री सुनीता रावत, अंजली सेठी एवं गीता गौड़ शामिल रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *