संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा माजरीग्रांट व फतेहपुर में लगने वाले स्टोन क्रेशर का किया विरोध, 

 

 

 

डोईवाला। संवाददाता। विजय कुमार शर्मा,

 

संयुक्त किसान मोर्चा डोईवाला द्वारा डोईवाला गन्ना समिति के किसान भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर किसानों की समस्याओं पर विचार कर आंदोलन की रणनीति बनाते हुए माजरी व फतेहपुर में लगने वाले स्टोन क्रेशर का विरोध कर उपजिला अधिकारी को तहसील डोईवाला में ज्ञापन दे विरोध जताया।

 

 

डोईवाला गन्ना समिति के किसान भवन में संयुक्त किसान मोर्चा डोईवाला द्वारा बैठक की अध्यक्षता करते हुए संयुक्त किसान मोर्चे के संयोजक ताजेंद्र सिंह ने कहा कि गन्ने का पैराई सत्र शुरू हुए दो माह गुजर चुके हैं और बाकी प्रदेशों ने गन्ना मूल्य की घोषणा भी कर दी है परंतु उत्तराखंड सरकार द्वारा अभी तक गन्ना मूल्य पर कोई फैसला नहीं किया जो प्रदेश के किसानों के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और उन्होंने कहा यदि शीघ्र ही उत्तराखंड सरकार ₹500 प्रति कुंतल गन्ना मूल्य की घोषणा नहीं करती है तो संयुक्त किसान मोर्चा सचिवालय कूच कर सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगा। अखिल भारतीय किसान सभा के जिला अध्यक्ष दलजीत सिंह ने कहा है कि वर्तमान में सरकार धर्म की राजनीति करके किसानों और आम आदमी के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना चाहती है और किसानों की आय दोगुना करने की झूठी घोषणा करने वाली सरकार किसानो और आम जनता के मुद्दों पर फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा है कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा किसानों के हितों की रक्षा की खातिर पूरे देश में संविधान बचाओ देश बचाओ नारे के साथ ट्रैक्टर रैली वह गोष्ठी का आयोजन करेगा। डोईवाला संयुक्त किसान मोर्चा ने भी निर्णय लिया है कि 26 जनवरी 2024 को डोईवाला गन्ना समिति के किसान सभागार में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा संविधान बचाओ देश बचाओ नारे के साथ किसानों के मुद्दों पर सुबह 11:00 से एक गोष्ठी का आयोजन किया जायेगा। संयुक्त किसान मोर्चा के नेता गुरनाम सिंह व मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह ने कहा है कि वर्तमान में सरकार का ध्यान किसानों की समस्याओं से ज्यादा भू माफियाओं एवं कारपोरेट जगत पर ज्यादा है और उन्होंने कहा कि माजरी एवं फतेहपुर जो आबादी क्षेत्र है वहां पर कुछ भूमाफिया सरकार के संरक्षण में स्टोन क्रेशर लगाने की बात कर रहे हैं जिसका सभी ग्रामवासी विरोध कर रहे हैं। विरोध का मुख्य कारण स्टोन क्रेशर से होने वाले ध्वनि व डस्ट का प्रदूषण है जिस कॉलेज और हॉस्पिटल जैसी संस्थाएं प्रभावित होगी और आम जनता के लिए इस प्रदूषण से गंभीर बीमारियां होने का डर है।

बैठक का संचालन करते हुए अखिल भारतीय किसान सभा के डोईवाला मंडल सचिव याकूब अली ने कहा है कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों के चलते आम जनता के साथ-साथ किसान भी परेशान है। उत्तराखंड प्रदेश को छोड़कर लगभग सभी प्रदेशों में गन्ना मूल्य की घोषणा कर दी है परंतु उत्तराखंड सरकार अभी तक गन्ना मूल्य घोषणा करने पर नाकाम साबित हुई। किसान नेता उम्मीद बोरा व जाहिद अंजुम ने कहां की यदि किसानों के मुद्दों पर सरकार शीघ्र कोई फैसला नहीं लेती तो किसानों के पास सिवाय आंदोलन के कोई चारा नहीं। उन्होंने कहा की सरकार अगर जनवरी माह के अंतिम सप्ताह तक गन्ना मूल्य की घोषणा नहीं करती तो संयुक्त किसान मोर्चा शीघ्र ही सचिवालय पर ट्रैक्टर रैली कर सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन करेगा। बैठक के पश्चात संयुक्त किसान मोर्चा ने माजरी ग्रांट एवं फतेहपुर में लगने वाले स्टोन क्रेशर के विरोध में और स्थानीय जनता के हितों की खातिर उप जिलाधिकारी डोईवाला को ज्ञापन प्रेषित कर लगने वाले स्टोन क्रशर की अनुमति को वापस लिए जाने की मांग की। मोर्चा ने मांग की कि यदि स्टोन क्रेशर को माजरी ग्रांट व फतेहपुर में लगाया गया तो संयुक्त किसान मोर्चा आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

बैठक एवं ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से मोहित उनियाल, एडवोकेट शाकिर हुसैन, मुहम्मद आरिफ, अनूप कुमार पाल, सरजीत सिंह, हरबंस सिंह, बलबीर सिंह, गुरचरण सिंह, राजेश सैनी, करनैल सिंह, ध्यान सिंह, सुमेर सिंह सहित किसान मोर्चे के लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *