साइबर अपराध और नशे के खतरे से छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

दून पुलिस ने गुरुनानक कॉलेज में चलाई जागरूकता की पाठशाला

देहरादून। देहरादून पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा सशक्तिकरण को मजबूत करने के उद्देश्य से “पुलिस आपके द्वार” अभियान के तहत प्रेमनगर क्षेत्र में सक्रिय जागरूकता कार्यक्रम चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर प्रेमनगर पुलिस ने गुरुनानक कॉलेज, झझरा में छात्र-छात्राओं और अध्यापकों के बीच विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया।
कार्यक्रम में मुख्य फोकस साइबर अपराधों और नशे के बढ़ते खतरे पर रहा। पुलिस टीम ने छात्रों को ऑनलाइन ठगी, फेक प्रोफाइल, साइबर स्टॉकिंग, फिशिंग, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों के तरीकों से अवगत कराया। साथ ही इनसे बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए, जैसे मजबूत पासवर्ड, दो-कारक प्रमाणीकरण, संदिग्ध लिंक न खोलना, व्यक्तिगत जानकारी साझा न करना आदि। नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। टीम ने बताया कि नशा न केवल शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य बिगाड़ता है, बल्कि सामाजिक-आर्थिक तबाही भी लाता है। छात्रों को नशे से दूर रहने, अपने साथियों को जागरूक करने और आस-पास अवैध मादक पदार्थों की तस्करी देखने पर पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने नशे मुक्त समाज के लिए सहयोग देने का वादा किया। उन्होंने कई सवाल पूछे, जिनके संतोषजनक उत्तर दिए गए। पुलिस ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबर (साइबर क्राइम, महिला हेल्पलाइन, नशा मुक्ति आदि) की विस्तृत जानकारी भी साझा की। दून पुलिस का यह अभियान लगातार विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में चल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी को डिजिटल और नशा मुक्त जीवन जीने के लिए सशक्त बनाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *