- एलआईसी कर्मचारी संगठन की नेतृत्व निर्माण पर कार्यशाला शुरू
देहरादून। नार्थ सेंट्रल जोन इंश्योरेंस एम्पलाइज फेडरेशन द्वारा आयोजित नेतृत्व निर्माण पर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हो गई। दो दिवसीय कार्यक्रम में संविधान, राजनीतिक, सामाजिक व आर्थिक नीतियों की समझ, कर्मचारियों की जिम्मेदारी, संगठनों की कार्यप्रणाली और कर्मचारी हित लाभ समेत विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। कार्यशाला में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में स्थित एलआईसी के 13 मंडलों के कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
शनिवार को एक होटल में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ एलआईसी के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक एसवी यादव ने किया। श्री यादव ने कहा कि कर्मचारियों को अपने हितों के साथ—साथ संस्था और राष्ट्र के हितों के लिए भी गंभीरता से काम करना होगा, तभी राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक कहलाने की स्थिति में होंगे। आल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमानुल्लाह खान ने भारतीय संविधान के विभिन्न पक्षों को रेखांकित किया। साथ ही संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि नागरिकों के मूल अधिकार संविधान की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की आर्थिक नीतियां समाज में गैर बराबरी को बढ$ावा देने वाली हैं। सार्वजनिक संस्थाओं को निजी हाथों में सौंपने को खतरनाक प्रवृत्ति बताया। कार्यक्रम का संचालन एनसीजेडआईईएफ के महासचिव राजीव निगम ने किया। इस अवसर पर एनसीजेडआईईएफ अध्यक्ष संजीव शर्मा, पूर्व महासचिव अशोक तिवारी, ट्रेजरार वीएस रवि, महिला विंग की समन्वयक गीता शांत, नंदलाल शर्मा, सुबोध पुरोहित, प्रमोद गोयल, योगेश्वर पुरोहित, संजय उनियाल, तन्मय मंमगाई, शशि, गीता जोशी आदि मौजूद रहे।
