- इस साल हिमाचल के साहित्यकार संत राम हरनोट को मिलेगा पुरस्कार
- आज है लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी का जन्म दिन
देहरादून। इस वर्ष का नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान हिमाचल के वरिष्ठ साहित्यकार संत राम हरनोट को प्रदान किया जाएगा। उत्तराखण्ड लोक समाज के बैनर तले विभिन्न संगठनों द्वारा लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी के जन्मदिन 12 अगस्त को नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान प्रदान किया जाता हैं। धराली उत्तरकाशी की दैवी आपदा को देखते हुए नेगी जी के जन्म पर दिया जाने वाला यह सम्मान सितम्बर माह में प्रदान किया जाएगा।
नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान हिमालयी राज्यों में भाषा, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्व को यह सम्मान प्रदान किया जाता है। इस सम्मान में प्रशस्ति पत्र और दो लाख इक्यावन हजार रुपए की धनराशि प्रदान की जाती है।
यह जानकारी देते हुए सुशीला देवी फेलोशिप के मुखिया डॉ ईशान पुरोहित , उत्तराखण्ड लोक समाज के प्रतिनिधि गणेश खुगशाल गणी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी जी के जन्मदिवस के अवसर पर दिया जाने वाला यह सम्मान इस वर्ष सितम्बर माह में दिया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा यह निर्णय उत्तरकाशी धराली आपदा को देखते हुए लिया गया।
डॉ पुरोहित ने बताया कि इस वर्ष का नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान हिमाचल के वरिष्ठ साहित्यकार संत राम हरनोट को प्रदान किया जाएगा। हरनोट हिमाचल के वरिष्ठ साहित्यकार हैं जो अपने साहित्य कर्म के लिए देशभर के प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित हैं। एसआर हरनोट जी की बीस से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हैं। हरनोट जी के साहित्य पर आठ शोध और 10 एमफिल हुए हैं जबकि उनके साहित्य पर 11 शोध अभी जारी हैं।
हरनोट जी की तीन कहानियों पर लघु फिल्में बनी। सात कहानियों का नाट्य मंचन हुआ। उनकी कहानियों का जर्मन, पंजाबी, अंग्रेजी और मलयालम में अनुवाद हुआ है। अपने देश के आठ विश्वविद्यालयों द्वारा हरनोट जी की कहानियां और उपन्यास को पाठ्यक्रम में सम्मिलित किया गया है।