स्नेह राणा ने टीम के साथ की रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- ‘भारतीय रेल लंबे समय से भारत की खेल प्रतिभाओं को निखारने में एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है’

ऑफ स्पिन गेंद से उत्तराखंड की बेटी स्नेह राणा ने आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में भारत की जीत में निभाई अहम भूमिका

देहरादून। आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में भारत के विजयी अभियान की तीन प्रमुख खिलाड़ी  बल्लेबाज प्रतीका रावल, गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर और ऑलराउंडर स्नेह राणा ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उक्त  तीनों खिलाड़ी भारतीय रेल के कर्मचारी हैं। केंद्रीय मंत्री ने भारत की ऐतिहासिक विश्व कप जीतने में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें बधाई दी।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेल लंबे समय से भारत की खेल प्रतिभाओं को निखारने में एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। केंद्रीय मंत्री ने मुलाकात में भारतीय महिला सितारों ने अपने पिछले वर्षों के सफर और मैदान पर बिताए अनुभवों की प्रेरक कहानियां साझा कीं। उत्तराखंड की ऑलराउंडर स्नेह राणा उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल का प्रतिनिधित्व करती हैं। स्नेहा 2018 से भारतीय रेल से जुड़ी हुई हैं। अपनी दाएं हाथ की ऑफ-स्पिन और भरोसेमंद मध्यक्रम की बल्लेबाजी के लिए जानी जाने वाली स्नेहा ने टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में भारत के लिए अहम भूमिका निभाई थी। स्नेहा ने अपने विश्व कप अभियान का समापन छह मैचों में सात विकेट लेकर किया, जिसमें 2/32 का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी शामिल है। उन्होंने बल्ले से भी बहुमूल्य योगदान दिया और 49.50 की प्रभावशाली औसत से 99 रन बनाए।

दिल्ली की सलामी बल्लेबाज प्रतीका रावल उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल का प्रतिनिधित्व करती हैं। प्रतीका अप्रैल 2023 में भारतीय रेल में शामिल हुईं और हाल ही में उन्हें वरिष्ठ लिपिक के पद पर पदोन्नत किया गया। विश्व कप के शुरुआती दौर में चोट लगने के बावजूद, वह पूरे टूर्नामेंट में अपनी साथियों के लिए प्रेरणा और समर्थन का स्रोत बनी रहीं।

हिमाचल प्रदेश की दाएं हाथ की मध्यम-तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर उत्तर रेलवे के अंबाला डिवीजन का प्रतिनिधित्व करती हैं। रेणुका दिसंबर 2020 में भारतीय रेल में शामिल हुईं और तब से लगातार मैच-विजेता रही हैं। उन्होंने भारत की कई जीत में अहम भूमिका निभाई है। हाल ही में हुए विश्व कप के दौरान, उन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर भारत के सफल अभियान में अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *