अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने 18 अप्रैल को जोधपुर में संपन्न राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक में प्रस्ताव पारित कर भाजपा की बहुसंख्यक समाज के हित मे दो तिहाई से अधिक बहुमत से सरकार बनाने का आह्वान किया था। हिन्दू महासभा के कार्यकर्ताओं ने देश भर में इसके लिए भरसक प्रयास किया किंतू विफल हो गए। यह एक गंभीर चिंता का विषय है और इस पर आत्ममंथन करते हुए 2029 चुनाव के लिए प्रयास जारी रहेगा। यह उद्गार हिन्दू महासभा की महिला मोर्चा हिन्दू महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर गीता रानी ने वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को लोकसभा में पूर्ण बहुमत मिलने पर अपने शुभकामना संदेश में व्यक्त किए।
हिन्दू महिला सभा की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉक्टर प्रियंका उपाध्याय शुक्ला ने आज जारी बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिन्दू महासभा ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजग को पूर्ण बहुमत प्राप्त होने और उनके लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री का दायित्व संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनसे अपने तीसरे कार्यकाल में बहुसंख्यक समाज की आकांक्षाओं को पूरा करने का आह्वान किया है।
जारी बयान में डॉक्टर गीता रानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मतदाताओं ने इस बार भाजपा के खिलाफ मतदान करके भाजपा को एकल बहुमत से वंचित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पश्चिम बंगाल के मतदाताओं ने भी भाजपा को नकार दिया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजग को बहुमत मिलने सिद्ध करता है कि देश की जनता के लिए अभी नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है।
डॉक्टर गीता रानी ने चुनाव परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा को गठबंधन में शामिल दलों का मोहताज होकर सरकार चलाने पर विवश होना पड़ेगा, जिससे विकास कार्यों की विकास गति धीमी हो सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का इतनी कम सीटों पर सीमित होना प्रमाणित करता है कि देश का मतदाता भाजपा का विकल्प तलाश रहा है और कांग्रेस या अन्य विपक्षी दलों को देश की बागडोर नहीं सौंपना चाहता। उन्होंने कहा कि आगामी पांच वर्षों में हिन्दू महासभा अपने परिश्रम से एक श्रेष्ठ विकल्प बनकर भारतीय राजनीति की धुरी बनेगी और भाजपा के साथ मिलकर दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा हासिल कर देश में एक नए युग का सूत्रपात करेगी।

हिन्दू महासभा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि उत्तर प्रदेश का हिन्दू मतदाता इस बार भ्रमित होकर समाजवादी पार्टी को वोट देने की भूल कर बैठा। इस भूल की कीमत उसे मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति के रूप में चुकानी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि हिन्दू महासभा मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति की सदैव विरोधी रही है और भविष्य में भी तुष्टिकरण की राजनीति का विरोध करते हुए बहुसंख्यक समाज के हितों की रक्षा करती रहेगी।