होली पर हुड़दंग करने वाले होंगे सीधे सलाखों के पीछे

– होली के मद्देनजर देहरादून पुलिस की सख्त चेतावनी
देहरादून। होली के रंगों को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर देहरादून पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे जनपद में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था कर ली है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग या अराजकता फैलाने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्व सीधे जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाए जाएंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि होली को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पिछले वर्षों में पर्व के दौरान हुए विवादों की गहन समीक्षा कर संभावित अराजक तत्वों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ पहले ही निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। समूचे जनपद को सुरक्षा की दृष्टि से 3 सुपर जोन, 8 जोन, 21 सेक्टर और 53 सब-सेक्टर में बांट दिया गया है। सुपर जोन की कमान अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को, जोन की कमान क्षेत्राधिकारियों को, सेक्टर की थाना प्रभारियों को और सब-सेक्टर की कमान उपनिरीक्षक रैंक के अधिकारियों को सौंपी गई है। हर क्षेत्र में मोबाइल पार्टी के साथ स्टेटिक फोर्स भी तैनात रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है तथा त्वरित प्रतिक्रिया के लिए हर थाना क्षेत्र में पीसीआर वैन 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेगी।
पुलिस ने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24×7 मॉनिटरिंग शुरू कर दी है। भ्रामक खबरें, विवादित पोस्ट या सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में आयोजित होने वाले सभी होलिका दहन कार्यक्रमों के आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल पूर्व-निर्धारित स्थानों पर ही कार्यक्रम आयोजित करें और कोई नई परंपरा शुरू न करने का प्रयास करें।
देहरादून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि खुशियों के इस पावन पर्व को परिवार के साथ हर्षोल्लास से मनाएं, लेकिन इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किसी की वजह से दूसरे को असुविधा न हो। हुड़दंग, नशे में वाहन चलाना, जबरन रंग लगाना या कोई भी अराजक गतिविधि न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *