22 अप्रैल को खुलेंगे श्री केदारनाथ धाम के कपाट

शीतकालीन गद्दी श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में कपाट खुलने की घोषणा 
उखीमठ/ रूद्रप्रयाग। ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस यात्रा वर्ष 22 अप्रैल को  वृष लग्न में प्रात: 8 बजे दर्शनार्थ खुलेंगे। आज रविवार पूर्वाह्न शिवरात्रि के अवसर पर  परंपरानुसार केदारनाथ रावल रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल एवं मंदिर समिति सदस्यों, धर्माचार्यों,जन प्रतिनिधियों वेदपाठियों एवं पंचगाई हकहकूकधारियों, प्रशासन की उपस्थिति में शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में पंचांग गणना के पश्चात कपाटोद्घाटन की तिथि घोषित हुई।
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होने के कार्यक्रम में उखीमठ पहुंचे श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के अवसर पर सभी देश-विदेश के तीर्थयात्रियों को शिवरात्रि की शुभकामनाएं दी तथा श्री बदरीनाथ केदारनाथ सहित चारधाम यात्रा हेतु आमंत्रित किया। उन्होंने यात्रा तैयारियों के निर्देश दिए तथा कहा कि श्री केदारनाथ धाम की यात्रा आस्था, परंपरा और आजीविका का समन्वित स्वरूप है जिसमें हक-हकूकधारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मंदिर समिति परंपराओं और अधिकारों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुल रहे है आज श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि निर्धारित होते ही अब बीकेटीसी यात्रा तैयारियों को  गति देगी। बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने कहा कि श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि निश्चित होते ही बीकेटीसी ने यात्रा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी संदर्भ में मंदिर समिति कार्यालयों विश्राम गृहों का निरीक्षण भी चल रहा है।
भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली यात्रा का कार्यक्रम घोषित
शिवरात्रि को शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में संपन्न हुए कपाट खुलने की तिथि निर्धारण के कार्यक्रम में भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली यात्रा का केदारनाथ पहुंचने का कार्यक्रम भी घोषित हुआ। श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में 18 अप्रैल  को भैरवनाथ की पूजा अर्चना संपन्न हो जाएगी। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से 19 अप्रैल को फाटा रवाना होगी,  20 अप्रैल दूसरे पड़ाव गौरीकुंड तथा 21 अप्रैल अप्रैल को पंचमुखी डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंच जाएगी। 22 अप्रैल को प्रात: 8 बजे श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुलेंगे। वहीं इस यात्रा वर्ष श्री केदारनाथ धाम में एम टी गंगाधर  मुख्य पुजारी का दायित्व संभालेंगे।
 इस मौके पर श जिलापंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग ऐश्वर्या रावत, चारधाम यात्रा मुख्य सलाहकार बीडी सिंह उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, सदस्य श्रीनिवास पोस्ती, प्रह्लाद पुष्पवान, सहित बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, उपजिलाधिकारी अनिल रावत, नगरपंचायत अध्यक्ष कुब्जा पुष्पवान, ब्लाक प्रमुख पंकज शुक्ला, श्री  केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी समेत अनेक लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *