- 16 सितंबर को सभी मंडियों में लगेगा स्वास्थ्य शिविर
- 17 को चलाया जाएगा स्वच्छता अभियान
देहरादून। उत्तराखंड कृषि उत्पादन बोर्ड प्रदेश में आपदा को देखते हुए 16 सितंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं 17 सितंबर से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर होने वाले सेवा कार्यों में आपदा पीड़ितों के साथ सहयोग के कार्यों में भागीदारी करेगा।
मंडी बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर अनिल डब्बू ने बताया की समस्त मंडी परिषद के कर्मचारी एक दिन का वेतन आपदा कोष में देंगे। साथ ही मंडी से जुड़े हुए व्यापारियों के सहयोग से राशन आपदा पीडित क्षेत्र में बांटा जाएगा। इसके अलावा 16 सितंबर को सभी मंडियों में चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा एवं 17 सितंबर को मंडियों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा जिसमें मंडी के सभी अधिकारी, कर्मचारी, व्यापारी, किसान भागीदारी करेंगे। डॉक्टर डब्बू ने कहा कि इस आपदा में कृषि क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। उत्तराखंड मंडी बोर्ड एक करोड रुपए का चेक 16 सितंबर को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए मुख्यमंत्री को सौंपेगा। उन्होंने मंडी से जुड़े हुए सभी वर्गों से आपदा की घड़ी में अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करने की अपील की। डॉक्टर डब्बू ने आपदा से निपटने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा 1200 करोड रुपए देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा की अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करके आपदा पीड़ितों का दुःख दर्द बांटना ही मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की वास्तविक बधाई होगी।