- फ्री-स्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता में करेगा श्री देव सुमन उत्तराखंड विवि का प्रतिनिधित्व
साहिया। सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पी.जी. कॉलेज साहिया के पहलवान सागर का खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में चयन हुआ है। सागर राजस्थान में होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय आयोजन में फ्री-स्टाइल कुश्ती (70 किग्रा वर्ग) में श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगा।
यह प्रतियोगिता देश की सबसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में से एक है जिसमें इस वर्ष राजस्थान के सात शहरों में आयोजित कार्यक्रमों के अंतर्गत कुल 23 खेल शामिल हैं। पूरे देश से 5000 से अधिक खिलाड़ी इसमें भाग ले रहे हैं। सागर के साथ विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. रवि कुमार टीम मैनेजर के रूप में शामिल हैं, जो उनके प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन में सहयोग कर रहे हैं। सागर के चयन से महाविद्यालय खेल विभाग और पूरे जौनसार-बावर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कॉलेज के संस्थाध्यक्ष अनिल सिंह तोमर ने कहा कि यह अवसर केवल सागर के लिए ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सागर बेहतरीन प्रदर्शन कर क्षेत्र और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेगा।
